शहर

कल का मौसम 30 May 2025 : बादलों की रहेगी रेलमपेल, बारिश के साथ तूफान बिगाड़ेगा खेल; ओलावृष्टि-वज्रपात का अलर्ट

Kal Ka Mausam, 30 May 2025, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर भारत में कल का मौसम करवट लेने वाला है। खासकर, बिहार, राजस्थान, यूपी, मध्य प्रदेश, हरियाणा-पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में तेज धूल भरी आंधी और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी है।आइए जानते हैं कल मौसम कैसा रहेगा दक्षिण भारत से लेकर पश्चिम और पूर्वोत्तर के राज्यों तक, मौसम की ताज़ा जानकारी के अनुसार पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश से लोग तर बतर होंगे।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : केरल में मानसून के सक्रिय होने से देशभर में मौसम का मिजाज नर्म है। भीषण गर्मी के बीच बादल राहत पहुंचा रहे हैं। खासकर, उत्तर भारत में जारी लू और चिलचिलाती धूप पर बारिश की बूंदे असर डाल रही हैं। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, मध्य प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में अगले 2 से 3 दिन तक बादलों की आवाजाही के साथ तेज धूल भरी आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान गरज चमक से साथ कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। अगर, इस दौरान मौसमी गतिविधियां होती हैं तो लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान दक्षिण भारत के केरल में मानसूनी बारिश तो तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में कहीं हल्की तो कही भारी बारिश की संभावना है। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसमी गतिविधियां होने से मौसम काफी सुहावना रहेगा।

कल मौसम कैसा रहेगा? जानिए आज और कल के मौसम का ताज़ा हाल और बारिश की संभावना

शहर का नाम न्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
मुंबई29 °C31 °C
भोपाल26 °C37 °C
हैदराबाद24 °C29 °C
चेन्नई28 °C34 °C
जयपुर 31 °C39 °C
पटना28 °C37 °C
लखनऊ28 °C37 °C
दिल्ली29 °C38 °C
कश्मीर8 °C23 °C
देहरादून23 °C33 °C
शिमला15 °C28 °C

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में अगले 3 दिन तक मौसम सुहावना रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में गरज चमक के साथ आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर से हवाएं बहेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी और तापमान में मामूली गिरावट देखी जाएगी। इस दौरान आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। लिहाजा, लोगों को नौतपा में गर्मी से राहत रहेगी। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 29 मई से दो या तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में बूंदाबांदी और हवाओं की तीव्रता में वृद्धि होगी। प्रभावित होने वाले जिलों में बांदा, फतेहपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर सहित 60 से ज्यादा जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट: दिल्ली-एनसीआर कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम करवट लेने को तैयार है। आईएमडी ने अगले दो दिनों के लिए कई इलाकों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। 29 मई की रात और 30 मई को तेज हवाओं यानी आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 31 मई को भी मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है, लेकिन आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाओं की चेतावनी अब भी बनी हुई है।

मौसम विभाग ने बताया कि 1 जून को 'थंडरस्टॉर्म विथ रेन' की संभावना है, लेकिन इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 2 जून से मौसम में काफी सुधार देखने को मिलेगा, जहां आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 3 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और 4 जून को मौसम पूरी तरह से सामान्य रहेगा, केवल आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में कितना प्रदूषण

मौसम का मिजाज बदलने से दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण में खासी कमी आई है। सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई 143 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

केरल में आए मानसून का असर बिहार तक है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकतर जिलों में बादलों की आवाजाही के संकेत दिए हैं। आईएमडी के मुताबिक, बिहार में इस साल मानसून रिकॉर्ड तोड़ बारिश करेगा। 4 जून से पूर्णिया समेत कोसी सीमांचल इलाकों में मानसून का असर देखने को मिलेगा। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून के आने के 15 दिन पहले ही अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत रहेगी। यह बारिश किसानों को जायद की फसलें बोने में मददगार साबित होगी। हालांकि, इस दौरान कुदरती कहर का भी अंदेशा है। लिहाजा लोगों को ठनका (आकाशीय बिजली) और ओलावृष्टि से सावधान रहना होगा।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में पिछले चौबीस घंटे में बारिश हुई, जबकि बाकी जगह तेज गर्मी पड़ रही है। सबसे अधिक बारिश सिरोही में दर्ज की गई। राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम केंद्र के अनुसार उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आगामी 1-2 दिन बादलों की गरज के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन होने, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा बारिश का दौर 29 -30 मई को भी जारी रहने की संभावना है। इसी तरह दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान आगामी 1-2 दिन 45-46 डिग्री तथा शेष अधिकांश भागों में 42-44 डिग्री दर्ज होने की संभावना है। नमी की मात्रा अधिक होने के कारण उमस भरी गर्मी रहेगी।

केरल में भारी बारिश का अनुमान

केरल में जारी मानसूनी बारिश के बीच आईएमडी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने भारी निम्न दबाव के कारण राज्य के कुछ इलाकों में अगले कुछ दिन तक भारी बारिश का अनुमान है। राज्य के चार जिलों अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में ‘ऑरेंज’ अलर्ट भी जारी किया है। ‘ऑरेंज’ अलर्ट से अभिप्राय 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर (सेमी) से 20 सेमी तक की भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article