कल का मौसम (Kal Ka Mausam) : मौसम विभाग ने अभी भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी रखा है। देश के उत्तरी और मध्य राज्यों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान है। हालांकि, पहाड़ों पर कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण अगले 2 दिन तक मौसम खराब रहने की चेतावनी है। खासकर, लेह, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय हिस्सों पर आंधी-बारिश और ओलावृष्टि और कहीं-कहीं बर्फबारी की संभावना है। विक्षोभ का आंशिक असर मैदानी राज्यों हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में रहेगा, जिससे धूल भरी आंधी के साथ पानी बरस सकता है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। उधर, दक्षिण भारत में मानसून का असर दिखाई देने लगा है। आईएमडी के मुताबिक, समुद्र तटीय भागों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में तूफानी हवाओं के साथ तेज बारिश हो सकती है। स्काईमेट ने पूरे पूर्वोत्तर में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी रखा है।
दिल्ली-एनसीआर में कब होगी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और हीट वेव का सिलसिला जारी रह सकता है। 27 मई को पूरे एनसीआर क्षेत्र में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि 28 मई से मौसम अचानक करवट ले सकता है। इस दिन गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने अनुमान व्यक्त किया गया है। खराब मौसम के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफानी हवाएं चल सकती हैं। 29 मई को अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी और पारा करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, बिजली कड़कने, और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसमी गतिविधियों की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी। 30 और 31 मई को भी मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है।
राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान में भीषण गर्मी (Heatwave) का दौर अगले 2-3 दिन जारी रहने की पूरी संभावना है। ज्यादातर भागों में अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री दर्ज होने की संभावना है। बीकानेर, कोटा संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 46-47 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी। आंधी बारिश की गतिविधियों में 30 मई से और बढ़ोतरी होने तथा जून के प्रथम सप्ताह में भी कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। जयपुर मौसम केंद्र ने बताया कि इस आंधी बारिश के असर से 29 मई से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। वहीं मंगलवार सुबह तक के चौबीस घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान कहीं कहीं पर उष्ण लहर दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस कोटा में रहा।
पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
पहाड़ों पर बढ़ती गर्मी के बीच पश्चिमी विक्षोभ राहत पहुंचा रहा है। मौसम विभाग ने 28 मई से एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने जा रहा है, जिसके बाद मौसमी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 की रात से मौसम करवट लेगा और उत्तराखंड के हिमालयी भागों पर आंधी के साथ बारिश का सिलसिला तेज होगा, तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। आईएमडी ने 26 मई को देहरादून में आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। पंतनगर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस, टिहरी में 30.1 डिग्री और मुक्तेश्वर में 29.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान चमोली, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना जताई है। हालांकि, मैदानी भागों मौसम शुष्क रहने और लू चलने का अलर्ट घोषित है। उधर, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से अंधड़ और बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में भारी बारिश
पूर्वोत्त भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से मौसम बेहद खराब है। अधिकांश राज्यों में बारिश से मौसम बदला हुआ है। स्काईमेट ने अगले 2 दिन तक ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, पश्चिम बंगाल और मेघालय में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। उधर, दक्षिण भारत के राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्ष्यद्वीप, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिमी घाट और महाराष्ट्र एवं गोवा के कुछ तटीय भागों पर मानसून का असर दिखाई देगा और तेज तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। हालांकि, ऊपरी भागों पर भीषण गर्मी से हालत पतली है। कई जगहों पर लू का अलर्ट घोषित किया गया है।
तमिलनाडु में बारिश की संभावना
तमिलनाडु के आठ जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में बने मौजूदा वायुमंडलीय दबाव के कारण यह मौसम परिवर्तन देखने को मिलेगा। मौसम विभाग द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि मध्य-पूर्व बंगाल की खाड़ी से दक्षिण-पूर्व अरब सागर तक एक वायुमंडलीय परिसंचरण बना हुआ है। यह सिस्टम दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिण तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और कन्याकुमारी समुद्री क्षेत्र से होकर गुजर रहा है। कोयंबटूर, तिरुप्पुर, नीलगिरि, इरोड, सलेम, थेनी, डिंडीगुल और कन्याकुमारी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। खासकर पहाड़ी जिलों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है । 29 मई तक तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
