Kal Ka Mausam: गणतंत्र दिवस पर बदलेगा मौसम का रंग; उत्तर भारत में होगा ठंड और बारिश का संगम, पश्चिमी विक्षोभ दिखाएगा अपने तेवर
- Authored by: Nilesh Dwivedi
- Updated Jan 25, 2026, 05:09 PM IST
Kal Ka Mausam, 26 January 2026, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: कल पूरे देश में गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस समय उत्तर भारत के कई हिस्सों में हुई बारिश ने ठंडक को बढ़ा दिया है। कश्मीर और हिमाचल जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी ने मौसम को बेहद मनमोहक बना दिया है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में कोहरा और शीतलहर का असर भी देखा गया है। ऐसे में आइए जानें कल का मौसम कैसा रहेगा?
कल का मौसम 26 जनवरी 2026
Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): कल पूरा देश गणतंत्र दिवस मनाएगा। इसी बीच मौसम की बात करें तो, उत्तर भारत के कई राज्यों में हुई बारिश ने ठंड का प्रकोप फिर बढ़ा दिया है। इसी बीच कश्मीर, हिमाचल जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से वातावरण दिलकश हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा मेघालय के कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे की स्थिति देखी गई। राजस्थान के कई हिस्सों में शीतलहर से लेकर अत्यधिक शीतलहर का प्रभाव रहा, जबकि हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के कुछ इलाकों में भी शीतलहर दर्ज की गई। अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक सहित बारिश हुई।
IMD की वेदर रिपोर्ट के अनुसार, निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तरों में कोमोरिन क्षेत्र से दक्षिण-पूर्वी अरब सागर होते हुए उत्तरी केरल तट तक पूर्वी हवाओं के प्रभाव से एक ट्रफ सक्रिय है। हिमाचल प्रदेश और उससे सटे पंजाब के ऊपर निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तरों में एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है, जिसके ऊपर मध्य एवं ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक पछुआ हवाओं में लगभग 74° पूर्व देशांतर के साथ 28° उत्तर अक्षांश के उत्तर में एक ट्रफ बना हुआ है। इसके अलावा, निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तरों में दक्षिण पंजाब से कच्छ तक एक ट्रफ फैला हुआ है, जबकि मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। औसत समुद्र तल से लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 130 नॉट की अधिकतम गति वाली उपोष्णकटिबंधीय पछुआ जेट स्ट्रीम पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बनी हुई है। आगामी मौसम की बात करें तो, 26 जनवरी 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके अलावा, 30 जनवरी 2026 की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत पर असर डालने की संभावना जताई गई है।
क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?
26 और 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख तथा हिमाचल प्रदेश में, जबकि 27 और 28 जनवरी को उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी का एक नया और व्यापक दौर शुरू होने की संभावना है। कुछ जगहों पर हवाओं की गति 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसी दिन पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक और तेजं हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जहां कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा, 27 और 28 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है। 28 जनवरी को बिहार में गरज और बिजली चमकने के साथ तेज़ हवाओं के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। वहीं, 26 जनवरी को केरल और माहे में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में कल मौसम सामान्य से कुछ ठंडा बना रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1.6 से 3 डिग्री कम रहेगा, जबकि दिन का तापमान लगभग सामान्य स्तर पर बना रहेगा। हवा की बात करें तो सुबह के समय पश्चिमी दिशा से हल्की हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 12 किमी प्रति घंटा से कम रहेगी। दोपहर में हवा उत्तर दिशा से बहते हुए लगभग 10 किमी प्रति घंटा की गति से चलेगी। वहीं शाम और रात के दौरान उत्तर-पूर्व दिशा से चलने वाली हवा की गति घटकर करीब 8 किमी प्रति घंटा रह सकती है। IMD का कहना है कि, 27 जनवरी 2026 को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार लगभग 40–50 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों में 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग का कहना है कि, उत्तर प्रदेश में 27 और 28 जनवरी 2026 को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के पश्चिमी हिस्सों में 27 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति झोंकों में 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने और ते हवाओं की संभावना बनी हुई है। तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 2–3 दिनों में धीरे-धीरे 4–6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और फिर अगले कुछ दिनों में 3–5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। इसके अलावा 27 जनवरी तक सुबह और रात के समय राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।
बिहार में कल के मौसम का हाल
बिहार के मौसम की बात करें, अगले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई हिस्सों में सुबह और देर शाम मध्यम से लेकर घना कोहरा देखने को मिल सकता है। खासतौर पर पश्चिमी चंपारण, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया और भागलपुर जिलों में कोहरे की स्थिति अधिक प्रभावी रहने की संभावना है। ऐसे में दृश्यता कम होने से आवाजाही प्रभावित हो सकती है। 28 जनवरी को राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खुले इलाकों में सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है।
राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम
IMD की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान में कल यानी 26 जनवरी को कुछ क्षेत्रों में भारी ठंड और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। 27 जनवरी को पश्चिमी राजस्थान में ठंड के हालात बने रह सकते हैं। इसके अलावा, 27 जनवरी को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा और बिजली के साथ तेज हवा के झोंके (40-50 किमी/घंटा, कभी-कभी 60 किमी/घंटा तक) की संभावना है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की वर्षा भी हो सकती है। कुल मिलाकर, राजस्थान में आने वाले दिनों में ठंडक के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर वर्षा और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
मध्य प्रदेश में मौसम कैसा रहने वाला है?
पूर्वी मध्य प्रदेश और जबलपुर में पिछले दो दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन के समय धूप खिली रहती है, वहीं बादलों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है। बादलों के आने के साथ ही रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 27 और 28 जनवरी को प्रदेश में हल्की बारिश, गरज के साथ बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। इन हवाओं की गति 40-60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है और झोंके 70 किमी/घंटा तक भी जा सकते हैं। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना है। न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटे में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 दिनों में धीरे-धीरे 2-3°C की बढ़ोतरी होने की संभावना है और फिर इसके बाद 2-4°C तक गिरावट होने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान का पूर्वानुमान
अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2-4°C की धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है। इसके बाद आने वाले 2 दिनों में तापमान में 2-4°C की गिरावट रहेगी और फिर अगले 4 दिनों में 2-4°C की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। मध्य भारत में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2-3°C की हल्की बढ़ोतरी होगी, इसके बाद 2 दिनों में 3-4°C की गिरावट और फिर अगले 2 दिनों में 2-3°C की वृद्धि होने की संभावना है, उसके बाद तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। महाराष्ट्र में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2-3°C की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, फिर अगले 2 दिनों में 2-3°C की गिरावट और इसके बाद अगले 3 दिनों में 2-3°C की वृद्धि होगी, उसके बाद तापमान स्थिर रहेगा। गुजरात में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, अगले 2 दिनों में 2-3°C की गिरावट और फिर अगले 4 दिनों में 2-4°C की धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। देश के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान में सामान्य तौर पर कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।