Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देश के अधिकांश राज्यों में मौसम तेजी से बदल रहा है। दक्षिण भारत में बादलों का बरसना जारी है तो पूर्वोत्तर में भी आंशिक तौर पर बदली नजर आ रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि तमिलनाडु और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उधर, नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में कोहरे में इजाफा हो रहा है और तापमान में कमी आने से सर्दी बढ़ने की संभावना है। पहाड़ों पर लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की मौजूदगी रहने से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के संभावित हिस्सों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। खासकर, कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। आईएमडी के मुताबिक, क्रिसमस से यानी 25 दिसंबर से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तेज शीतलहर चलने और घना कोहरा छाए रहने से न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट हो सकती है, जिसके बाद सर्दी का ग्राफ बढ़ेगा एवं कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं।
बिहार में कल मौसम का हाल
बिहार में मौसम की मार बढ़ने वाली है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का कहर जारी है। पिछले 2 दिन से न्यूनतम तापमान में कमी आने से कई हिस्सों में शीत डे (Cold Day) जैसी स्थिति है। आईएमडी के मुताबिक, पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, छपरा, मुंगेर, बक्सर, औरंगाबाद, दरभंगा, किशनगंज और अररिया समेत अन्य जिलों में भीषण कोहरे की मार रहेगी, जिससे सड़कों पर यातायात धीमा रहेगा और ट्रेनें अपने निर्धारित समय से विलंब से चलेंगी या कई रद्द रहेंगी। गुरुवार और शुक्रवार को तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे कड़ाके की ठंड का एहसास होगा। इधर, उत्तर प्रदेश में मौसम गहराता जा रहा है। राज्य के अधिकांश जिलों में शीतलहर और कोहरे के कारण समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। घने कोहरे और विजिबिलिटी प्रभावित होने से ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक सा लग गया है। अभी ये स्थिति जारी रहने की संभावना है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 9°C | 21°C |
| चंडीगढ़ | 7°C | 19°C |
| जयपुर | 8°C | 22°C |
| भोपाल | 11°C | 24°C |
| मुंबई | 21°C | 29°C |
| लखनऊ | 9°C | 21°C |
| पटना | 10°C | °C |
| कोलकाता | 13°C | 24°C |
| देहरादून | 8°C | 17°C |
| शिमला | 4°C | 16°C |
| कश्मीर | 2°C | 11°C |
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली-एनसीआर में सर्द हवाओं के झोंके से सर्दी का ग्राफ बढ़ सकता है। सुबह से हल्की धूप तो निकल रही है, लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी की मानें तो 25 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में और कमी आएगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अब कोहरे में और इजाफा होगा, जिससे नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों की गति पर प्रभाव पड़ेगा। सीपीसीबी ने बताया कि अभी कुछ दिन तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर से बहुत खराब श्रेणी में रह सकती है।
हरियाणा-पंजाब का मौसम कैसा रहेगा
पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। हरियाणा का नारनौल में पारा गिरकर 5.2 डिग्री, भिवानी में 6.2 डिग्री, हिसार में 7 डिग्री, अंबाला में 10.2 डिग्री, रोहतक में 9 डिग्री, सिरसा में 7.7 डिग्री और करनाल में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। फिलहाल, पंजाब में गुरदासपुर राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरदासपुर में 5.3 डिग्री, फरीदकोट में 5.5 डिग्री, अमृतसर में 6.8 डिग्री, फिरोजपुर में 8.2 डिग्री, बठिंडा में 7 डिग्री, लुधियाना में 9.2 डिग्री, पटियाला में 9.5 डिग्री सेल्सियस और चंडीगढ़ में 10.2 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। दोनों ही राज्यों में भीषण कोहरे की चादर नजर आ रही हैं।
राजस्थान में कैसा है मौसम
राजस्थान में सर्द हवाओं ने ठंडी बढ़ा रखी है। खासकर, उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है और कई हिस्सों में घना कोहरा छाये रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि सीकर का फतेहपुर सबसे ठंडा स्थान बना हुआ, यहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। नागौर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। चूरू में यह 5.5 डिग्री, माउंट आबू में 6.5 डिग्री, झुंझुनू में 6.5 डिग्री और पिलानी में 7.1 डिग्री, दौसा में 8.1 डिग्री , जैसलमेर 8.2 , भीलवाड़ा 10.2, जयपुर 10.7, कोटा में 12 और बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। अगले 2 दिन में और तापमान गिरने की संभावना है।
झारखंड में शीतलहर का अलर्ट
झारखंड के 12 जिलों में अगले तीन दिन ठंड का येलो अलर्ट जारी है। आईएमडी के मुताबिक, गुमला, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, रांची, खूंटी, गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा और बोकारो में शीतलहर-कोहरे में इजाफा होने का अलर्ट है। 9 जिलों में शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर-पश्चिम से पश्चिम की ओर हवाएं चल रही हैं। उत्तर-पश्चिमी और मध्य के कुछ जिलों में ठंड का प्रभाव जारी रहने की संभावना है और यह स्थिति 27 दिसंबर तक बनी रह सकती है।, जिससे अगले तीन दिन में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है। रांची में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, चाईबासा में 11.2 डिग्री, जमशेदपुर में 12 डिग्री, गुमला में 3.9 , डालटनगंज में 6 डिग्री, हजारीबाग 7 और लोहरदगा में 7.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड का मौसम
हिमाचल प्रदेश के शिमला और मनाली में फिलहाल बर्फ नहीं पड़ रही है। मौसम विभाग ने फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी है और पिछले दिनों हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 28 से 30 दिसंबर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। फिलहाल, अगले 5 दिनों तक पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट है। करीब 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिससे सर्दी का सितम जारी है।
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड में मौसम का कुछ ऐसा ही हाल है। अधिकांश जिलों में शीतलहर चल रही है और घना कोहरा छाया नजर आ रहा है। दिन में हल्की धूप तो निकल रही है, लेकिन सर्द हवाओं के कारण बेअसर साबित हो रही है। कई ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो रही है और नदी, नाले और झरने का पानी जम रहा है। देहरादून, ऊधमसिंहनगर, उत्तरकाशी, पौढ़ी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, चमोली और हरिद्वार में तापमान गिरने के साथ कोहरे में इजाफा होने की संभावना है।
कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट
कश्मीर के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है तो घाटी में कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हाल ही में हुई बर्फबारी और बारिश के बाद रात भर आसमान में बादल छाए रहने के कारण अधिकतर स्थानों पर रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पहलगाम और गुलमर्ग को छोड़कर घाटी के लगभग सभी अन्य इलाकों में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री, गुलमर्ग में 0 से 4 डिग्री, पहलगाम में 0 से 2.1 डिग्री, काजीगुंड में 3 डिग्री, कोकरनाग में 2.6 डिग्री और कुपवाड़ा में 2.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है। घाटी के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1.7 से 5.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।
'चिल्ला-ए-कलां से गिरेगा तापमान
आईएमडी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 21 दिसंबर को ‘चिल्ला-ए-कलां’ की दस्तक हो गई है, जिसके प्रभाव से घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी जारी रहेगी। दरअसल ‘चिल्ला-ए-कलां’ सर्दियों के मौसम का सबसे भारी समय होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होता है 29 या 31 जनवरी तक जारी रहता है। 'चिल्ला-ए-कलां' के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। इस दौरान घाटी में नदी, नाले, पाइप लाइन और जल स्त्रोत जम जाते हैं क्योंकि न्यूनतम तापमान माइनस 6 से माइनस 8 डिग्री सेल्सियस के बीच गिर जाता है। चिल्लई कलां के दौरान दिन का तापमान दो अंकों से नीचे रहता है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच का अंतर कम हो जाता है, जिससे कोल्ड डे की स्थिति बन जाती है।
