शहर

कल का मौसम 22 सितंबर 2025: दिल्ली-यूपी में धूप और उमस की मार, राजस्थान, एमपी और झारखंड में तेज बरसात के आसार; जानें IMD का पुर्वानुमान

Kal Ka Mausam, 22 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: देश में मानसून का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है और कई राज्यों में मूसलाधार बारिश से राहत मिली है। बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में नदियों का जलस्तर घटने लगा है और मौसम सामान्य की ओर लौट रहा है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Image

कल का मौसम 22 सितंबर 2025

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): कल शारदीय नवरात्रि का पहला दिन है और इसी के साथ देश में मानसून का प्रकोप अब धीरे-धीरे थमने लगा है। जहां बिहार, यूपी और दिल्ली तक मूसलाधार बारिश ने सड़कें और नदियां भर दी थीं, अब वहां पानी की लहरों पर ब्रेक लग चुका है। नदियों का जलस्तर तेजी से घट रहा है और मानसून का ये थमता प्रभाव मानो प्रकृति की शांत वापसी का संकेत दे रहा हो। पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल कुछ ऐसा रहा, जहां गुजरात, मराठवाड़ा और बिहार के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) दर्ज की गई है।

वहीं, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, गंगीय पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, उत्तरी अंतर्देशीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, ओडिशा और झारखंड के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गई है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के भीतर उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद 25 सितंबर के आस-पास पूर्व-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दाब का क्षेत्र विकसित हो सकता है, जो पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 26 सितंबर तक दक्षिण-पूर्वी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के पास डिप्रेशन में बदल सकता है और 27 सितंबर के आसपास इन तटों को पार करने की संभावना है। 23 से 27 सितंबर तक ओडिशा में, 24 से 27 सितंबर तक झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में तथा 24 से 27 सितंबर तक तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा, अगले 3-4 दिनों में उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में कल का मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 34–36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24–26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री सेल्सियस अधिक होने की संभावना है। दिन के शुरुआती समय में हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। दोपहर के समय हवा की गति धीरे-धीरे कम होकर उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रह जाएगी। शाम और रात के दौरान हवा और धीमी होकर दक्षिण-पश्चिम दिशा से लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे से कम चलने की संभावना है।

यूपी में कल के मौसम की जानकारी

उत्तर प्रदेश में कल, 22 सितंबर को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क और साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है, जिसका मतलब है कि कल किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, गर्मी और उमस के चलते दिन का समय लोगों के लिए थोड़ा असहज हो सकता है। तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है, जिससे सुबह और दोपहर के समय धूप और गर्मी का अनुभव अधिक होगा। प्रदेश में बीते अगस्त महीने में लगातार भारी बारिश हुई थी, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी थी। अब बारिश की सक्रियता कम होने के साथ ही हवा में नमी भी घट रही है, लेकिन उमस अभी भी लोगों को परेशान कर सकती है।

बिहार और झारखंड में कल का मौसम

बिहार में कल, 22 सितंबर को बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि कुछ जिलों में बादलों का घिराव बना रह सकता है। पटना, सिवान, सारण, भोजपुर, बेगूसराय, दरभंगा और समस्तीपुर जैसे जिलों में लोगों को दिन के समय गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। याद दिला दें कि जुलाई और अगस्त के महीनों में भारी वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी थी। वहीं झारखंड में कल सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और वज्रपात होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके अलावा, 24 सितंबर के बाद प्रदेश में फिर से बारिश की संभावना बढ़ सकती है, इसलिए इस दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी होगा।

एमपी-राजस्थान में कल मौसम कैसा रहेगा?

मध्य प्रदेश में कल, 22 सितंबर को मौसम की दृष्टि से सतर्क रहने की आवश्यकता है। मौसम विभाग ने खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की है। IMD ने इन जिलों के लोगों से अपील की है कि वे बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। वहीं, राजस्थान में भी कल कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। अलवर, भरतपुर, करौली, दौसा और धोलपुर जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोगों से कहा गया है कि वे अचानक आए मौसम परिवर्तन और तेज बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। विभाग ने यह भी सुझाव दिया है कि सड़क पार करते समय और यात्रा के दौरान सतर्क रहें।

पहाड़ी राज्यों में कल के मौसम का हाल

उत्तराखंड में कल, 22 सितंबर को मौसम पूरी तरह से सामान्य रहने की संभावना है और किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है, जिसका अर्थ है कि कल बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, हाल के दिनों में बादल फटने और भूस्खलन जैसी घटनाओं के कारण जनजीवन को बहुत हानि हुई, जिससे इस क्षेत्र में सतर्क रहने की आवश्यकता बनी हुई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी कल मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। राज्य में जून से अब तक भारी वर्षा, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण 300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में लोगों को सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!