शहर

कल का मौसम : 22 अगस्त को फिर होगी आफत की बरसात! आंधी के साथ होगा वज्रपात! मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam, 22 अगस्त 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मानसून के दोबारा सक्रिय होने से उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसमी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 अगस्त से वीकेंड तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज आंधी के साथ मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। उधर, मुंबई में बारिश की तीव्रता कम हुई है तो गुजरात में बादलों ने आफत बरसाना शुरू कर दिया है।

Image

कल का मौसम 22 अगस्त 2025

कल का मौसम कैसा रहेगा 22 अगस्त 2025 : मौसम के लिहाज से अगले कुछ दिन बेहतर रहने वाले हैं। अगले सप्ताह की शुरुआत से ही बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया लो प्रेशर बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से पश्चिम और मध्य भारत में मौसमी गतिविधियां फिर से तेज हो सकती हैं। खासकर, मुंबई के इलाकों में तेज वर्षा परेशान कर सकती है। अगले 24 घंटे के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में तेज आंधी के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 22 से 25 और 27 अगस्त तक इन राज्यों में बारिश का स्तर चरम पर रह सकता है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना रहेगी। लिहाजा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। वीकेंड तक पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम की चेतावनी है। इस दौरान बादल फटने और पहाड़ों के दरकने का खतरा बना रहेगा। उधर, दक्षिण भारत के कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, अंडमान व निकोबार द्वीप समूह और रायलसीमा में हल्की बारिश का अनुमान है। हालांकि, पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों तेज वर्षा मौसम दर्ज की जा सकती है। इन सभी राज्यों में अत्यधिक बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है।

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से थमे मानसून के फिर से एक्टिव होने के चांस दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले एक से 2 दिन तक तेज हवाओं यानी आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने और मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर, बुंदलेखंड के झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, जालौन, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी में आंधी चलने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसी प्रकार, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, मैनपुरी, एटा, हाथरस, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, बाराबंकी और गोंडा समेत कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मध्यम से हल्की बारिश होगी।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 2 दिन से तेज वर्षा नहीं दर्ज की गई, लेकिन वीकेंड तक इसमें वृद्धि के चांस बन रहे है। मौसम विभाग एनसीआर में अगले पूरे हफ्ते तक बारिश और तेज हवाओं का असर रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। 22 अगस्त को आंधी और बारिश के साथ गरज-चमक की आशंका है। वहीं, 23 से 25 अगस्त तक आसमान में काले बादलों ढके रह सकते हैं और मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। हालांकि, 26 और 27 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश या फिर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 36 डिग्री और न्यूनतम 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। यही कारण है कि ह्यूमिडिटी बढ़ेगी, जिससे उमस और बढ़ सकती है। लेकिन बारिश की मौजूदगी से प्रदूषण का लेवल काफी कम हुआ है, जिससे दिल्लीवासी साफ हवा में सांस ले पा रहे हैं।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
चेन्नई27°C34°C
हैदराबाद23°C29°C
मुंबई 27°C28°C
दिल्ली27°C33°C
जयपुर 26°C29°C
भोपाल23°C26°C
लखनऊ26°C32°C
पटना27°C33°C
देहरादून23°C29°C
शिमला17°C24°C
जम्मू-कश्मीर12°C19°C

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में 22 अगस्त को मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग ने 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान बादलों के गरजने और ठनका गिरने का अलर्ट है। लिहाजा, लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। आईएमडी के मुताबिक, शुक्रवार को पटना, नालंदा, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद, जमुई, वैशाली, औरंगाबाद, गयाजी और नवादा में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

राजस्थान में कैसा है मानसून?

राजस्थान में मानसून का असर बना हुआ है। राज्य के कोटा और उदयपुर संभाग में मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया। आईएमडी के मुताबिक, 22 अगस्त को पूर्वी राजस्थान परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और इसके प्रभाव के कारण अगले एक सप्ताह में राज्य के अधिकांश भागों में मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। इस दौरान कोटा, उदयपुर, जोधपुर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी 22 से 29 अगस्त के दौरान बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोटा, उदयपुर, जयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश बांसवाड़ा के शेरगढ़ में 97 मिलीमीटर हुई। मानसून के दोबारा एक्टिव होने से सबसे अधिक बारिश डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, राजसमंद, सिरोही, झालावाड़, भीलवाड़ा, कोटा, बूंदी और बारां में हो सकती है, जिससे नदियों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

मुंबई का मौसम कैसा है?

मुंबई में पिछले 5 दिन से जारी भारी बारिश से फिलहाल राहत मिली और कुछ हिस्सों में धूप निकली। आईएमडी ने अब मौसमी गतिविधियों में कमी आने के संकेत दिए हैं। इस सप्ताह के अंत तक मुंबई की ओर से मानसून गुजरात की ओर शिफ्ट हो सकता है। स्काईमेट ने बताया कि फिलहाल, इसके प्रभाव से 21 से 24 अगस्त तक हल्की बारिश जारी रहेगी, जिससे तापमान में काफी कमी बनी रहेगी। पिछले दिनों हुई बारिश से मुंबई थम सी गई थी, लेकिन अब व्यवस्थाएं एक बार फिर पटरी पर लौटती दिख रही है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे की अवधि में 200 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की।

गुजरात में भारी बारिश

गुजरात में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खासकर, निचले इलाकों से कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। आईएमडी ने अगले दो दिनों में और बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है। फिलहाल, बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जिससे आस-पास के गांवों के निचले इलाकों में बाढ़ आ गई। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में तेज मौसमी गतिविधियां और आकाशीय बिजली गिरने का पूर्वानुमान जताया है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त है। राज्य के ऊना, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ इलाकों में खराब मौसम के चलते स्कूल और कॉलेज बंद करने पड़े हैं। अगले 24 घंटे के दौरान कुल्लू के मनाली और बंजार व मंडी जिले के इलाकों में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के बाद अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने 24 से 26 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित है। इस दौरान लैंडस्लाइड और आकाशीय बिजली गिरने और बाढ़ का खतरा बना रहेगा। लिहाजा, लोगों को यात्रा न करने की सलाह दी गई है। इसी प्रकार उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 2 दिन तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने और बाढ़ की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में हालात बिगड़े हुए हैं। तेज मौसमी गतविधियों के कारण जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है।

कर्नाटक में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों में मानसून सक्रिय है। कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। धारवाड़, गडग, दावणगेरे, हावेरी और उत्तर कन्नड़ में भारी बारिश होने से अलर्ट जारी है। उधर, महाराष्ट्र से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण कृष्णा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। आईएमडी ने राज्य में अगले सात दिनों तक अत्यधिक वर्षा का अनुमान जताया है। आईएमडी ने बेंगलुरु के सदंर्भ में बताया कि अगले 24-48 घंटों में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश का अनुमान है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 27-28 डिग्री सेल्सियस और 19-20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article