शहर

आज का मौसम : 20 अगस्त को होगी आफत की बरसात! आंधी-तूफान संग होगा वज्रपात; मौसम विभाग का खतरनाक अलर्ट

Aaj Ka Mausam, 20 अगस्त 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : उत्तर भारत के यूपी और बिहार में फिलहाल मानसून रूठा हुआ है, लेकिन ऊपरी हिस्सों हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बादल मेहरबान हैं। आईएमडी ने 20 से 25 अगस्त तक इन राज्यों में काले बादल छाए रहने, आंधी-तूफान के साथ हल्की से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई हिस्सों में वज्रपात का अलर्ट है। महाराष्ट में मुंबई समेत कई जिलों में बुधवार तक आफत की बारिश से जनजीवन प्रभावित रहेगा। उधर, दक्षिण और पूर्वोत्तर के भागों में अगले एक सप्ताह तक तेज मौसमी गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान है।

Image

Kal Ka Mausam 20 August 2025

आज का मौसम कैसा रहेगा 20 अगस्त 2025: देश के अधिकतर राज्यों में घने काले बादल छाए हुए हैं। पहाड़ों और पश्चिमी हिस्सों में मानसूनी वर्षा तबाही मचा रही है। लेकिन, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पिछले 2-4 दिन से मौसमी गतिविधियां धीमी पड़ने से उमस भी परेशान कर रही है। मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनने से अगले कुछ दिन तक महाराष्ट्र और गुजरात के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इसी प्रभाव के कारण पिछले 2 दिनों से मुंबई समेत अन्य हिस्सों में तबाही की बरसात जारी है। आईएमडी ने 20 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में हल्की से मध्यम आंधी के साथ कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश मौसम को सुहावना बनाएगी। इस दौरान कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने और बाढ़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। पिछले कई दिनों से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादलों से आफत बरस रही है। यहां अगले कुछ दिनों तक बादल फटने, भीषण बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी है। लिहाजा, लोगों को यात्रा करने से परहेज करना होगा। उधर, दक्षिण में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य प्रदेश में मानसूनी बारिश जारी रहने के संकेत हैं। कमोबेश इसी प्रकार की मौसमी गतिविधियां पूर्वोत्तर के राज्यों में दर्ज होने की संभावना व्यक्त की गई है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
मुंबई26 °C27 °C
दिल्ली28 °C33 °C
जयपुर 27 °C33°C
भोपाल23 °C29 °C
लखनऊ27 °C33 °C
पटना28 °C33 °C
शिमला17 °C23 °C
देहरादून23 °C28 °C
जम्मू-कश्मीर11 °C17 °C
चेन्नई27 °C33 °C
हैदराबाद22 °C25 °C

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में इस पूरे सप्ताह भर उमस और गर्मी से राहत के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 20 से 24 अगस्त तक हवाओं के साथ हल्की रिमझिम बारिश की संभावना जताई है। सप्ताह के आखिर यानी वीकेंड पर गरज चमक के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगर, एक सप्ताह के मौसम पर नजर डालें तो 20, 21, 22 और 23 अगस्त को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में मेघ गर्जन एवं काले बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। लेकिन 24 और 25 अगस्त को बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ मूसलाधार बारिश सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। इधर, जुलाई और अगस्त में अच्छी मौसमी गतिविधियां होने से प्रदूषण का ग्राफ तेजी से गिरा है। वर्तमान में एक्यूआई 90 से 100 के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो काफी सुकून देने वाला है।

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश के मध्य भाग यानी कानपुर, फतेहपुर, कानपुर देहात और पड़ोसी जिलों में बादलों की आवाजाही लगी है, लेकिन करीब सप्ताह से अच्छी बारिश दर्ज नहीं की गई, जिससे गर्मी-उमस परेशान कर रही है। फिलहाल, 21 अगस्त तक ये दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि, 21 अगस्त के बाद मौसम का रुख बदलेगा और कई जिलों में बारिश मौसम को सुहावना बना सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में 23 और 24 अगस्त को भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बहरहाल, बुधवार के लिए पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों और बुंदेलखंड के झांसी, बांदा, महोबा, जालौन, कन्नौज, औरैया, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, एटा, इटावा, कासगंज, अलीगढ़, आगरा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती समेत हरदोई जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट घोषित है।

बिहार में रूठा मानसून

बिहार में मानसून का रुख थोड़ा फीका पड़ गया है। पिछले कई दिनों से मौसमी गतिविधियों में कमी आने के कारण उमस भरी गर्मी बेहाल कर रही है। मौसम विभाग ने एक दो जिलों में रिमझिम बारिश की संभावना जताई है। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, 22 से 25 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मानसून फिर से सक्रिय होगा और कई जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश और ठनका गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। बारिश में कमी के कारण नदियों के जलस्तर में कमी आ रही है, जो राहत भरी बात है।

एमपी का मौसम कैसा रहेगा?

मध्य प्रदेश में मानसून राहत बरसा रहा है। मौसम विभाग ने 20 अगस्त को 14 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान मध्य से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। जिन जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है, उनमें देवास, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, भोपाल, इंदौर, जबलपुर और नर्मदापुरम के साथ कई अन्य जिले शामिल हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित जगहों पर रहने के लिए कहा है।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में कई जगह बीते चौबीस घंटे में भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहेगी। आईएमडी की मानें तो अगले कुछ दिन तक उदयपुर और जोधपुर संभाग में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश मौसम को खुशनुमा बना सकती है। लेकिन अगस्त के आखिरी सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में मानसून तंत्र बनने के कारण राज्य के अधिकांश भागों में मानसून सक्रिय होने और बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

पूर्वोत्तर का मौसम

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के कारण पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज हुई हैं। खासकर, ओडिशा में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कोरापुट, मलकानगिरि, नवरंगपुर, कालाहांडी, रायगढ़ा, गजपति और कंधमाल में अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है। मलकानगिरि, कोरापुट और नवरंगपुर जिलों में अत्यधिक बारिश के कारण लैंडस्लाइड और तेज हवाओं के चलने से पेड़ उखड़ गए। आईएमडी ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के पास समुद्र की स्थिति बेहद खराब रहने की संभावना जताई है।

मुंबई में आफत की बरसात

महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में मानसूनी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। खासकर, मुंबई में भारी बारिश तबाही का आलम है। कई नदियां और समुद्र अपने शबाब पर है। पिछले कुछ घंटों में लगभग 300 मिमी बारिश के कारण भारी जलभराव की समस्या है, जिससे कुरला, साकीनाका, रेलवे पटरियों और हवाई अड्डे के आसपास के इलाके जलमग्न हो गए। विहार, तुलसी और पवई झीलों के निचले क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से जलाशय भर गए हैं और अतिरिक्त पानी मीठी नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे मीठी नदी का जलस्तर और बढ़ गया। अत्यधिक बारिश के कारण राज्य के कई हवाई अड्डे पर मंगलवार को कम से कम आठ उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया तथा कई उड़ानों में देरी हुई।

हिमाचल-उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर का मौसम

पहाड़ी राज्यों में आफत की बरसात हो रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने से तबाही मची है। मौसम विभाग ने 20 से 22 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और मनाली में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बादल फटने जैसी समस्याओं की आशंका बनी रहेगी। भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड से कई मुख्य मार्गों पर आवाजाही प्रभावित है। इधर, उत्तराखंड में भी झमाझम बारिश से राहत नहीं मिल रही है। अगले कुछ दिनों तक रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में वज्रपात होने का खतरा बना हुआ है। अत्यधिक बारिश के कारण तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे शाम के बाद ठंड का एहसास हो रहा है। इसी प्रकार जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बादल किश्तवाड़ और कठुआ में बादल फटने के बाद तबाही का आलम है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।

दक्षिण भारत का मौसम

दक्षिण भारत में मानसून रिटर्न से भारी बारिश का दौर जारी है। केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण विभिन्न जलाशयों और नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। राज्य के पत्तनमथिट्टा, इडुक्की, त्रिशूर, वायनाड और पलक्कड़ जिलों के विभिन्न बांधों में बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर ‘दूसरे और तीसरे’ स्तर की चेतावनी जारी की गई है। पलक्कड़ में मीनकारा, वालयार, सिरुवानी बांध सहित विभिन्न बाधों और मूलथारा के दरवाजें अतिरिक्त पानी छोड़ने के लिए खोले गए हैं। आईएमडी ने वायनाड, कन्नूर और कसरगोड जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। उधर, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, मेघालय और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश दर्ज की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article