देशभर में बढ़ती गर्मी के बीच बादलों ने राहत दी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान करीब 17 राज्यों में मौसम बदला रहेगा। 19-20 मार्च को पहाड़ों पर मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव रहने से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत पर्वतीय हिस्सों पर बर्फीली हवाओं के साथ भारी बर्फबारी और बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को सर्दी का एहसास होगा। गुरुवार को उत्तर भारत में विक्षोभ के असर से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, यूपी, एमपी और बिहार में तेज धूल भरी आंधी चलने और आकाशीय बिजली-ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले आसमान के नीचे नहीं रहने की सलाह दी गई है। स्काईमेट ने बताया कि अगले कई दिनों तक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश एवं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मेघ गर्जन, आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश व वज्रपात होने का अनुमान है। 19 मार्च को ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गोवा में मौसमी गतिविधियां होने की चेतावनी है।
यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने अगले 2 दिन उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। खासकर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं, मेरठ, बागपत, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा और फिरोजाबाद में आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। हालांकि, राज्य के अन्य जिलों में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट घोषित नहीं किया गया है। बेमौसम बारिश से रबी की फसल खराब होने से नुकसान का अनुमान है। फिलहाल, प्रदेश में तापमान लुढ़का है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है।
बिहार में बारिश होगी क्या
बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने और आंधी के साथ बारिश एवं ठनका गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि पटना, भागलपुर, बांका, अररिया, किशनगंज, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, पूर्णिया, शेखपुरा और सुपौल जिलों में आंशिक तौर पर बादलों के छाए रहने और बारिश के आसार जताए गए हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। फिलहाल, राज्य में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हरियाणा-पंजाब का मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा में अगले 2 दिन आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का खतरा रहेगा। बुधवार की देर शाम राज्य के दादरी, चारखी, भिवानी, महेंद्रगढ़, मेवात और हिसार में तेज आंधी और पानी के साथ ओले गिरे, जिससे गेहूं की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। आईएमडी ने अगले 24 घंटे के दौरान मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। उधर, पंजाब में भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रियता से मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने अगले कई घंटों तक राज्य के कुछ जिलों में बारिश एंव आंधी का अलर्ट घोषित किया है। मौसमी गतिविधियां होने से फसलों को नुकसान और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताते हुए बताया है कि 19 मार्च से राजधानी समेत समूचे एनसीआर में मेघ गर्जन के साथ तेज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की हवाएं चलेंगी और हल्की बारिश दर्ज की जाएगी। बारिश की गतिविधियां होने से गर्मी से राहत रहेगी तो पॉल्यूशन का स्तर भी नीचे गिरेगा, जिससे लोगों को साफ हवा मिल सकेगी। आईएमडी ने बताया कि शुक्रवार, शनिवार, रविवार तक आंशिक तौर पर बादलों छाए नजर आएंगे और बीच-बीच में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की अच्छी गति और बौछारों से मौसम सुहावना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 28 से 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जिससे लोगों को काफी राहत रहेगी। सीपीसीबी के मुताबिक, बारिश के कारण हवा की क्वालिटी में सुधार देखा जाएगा, जिससे प्रदूषण से राहत मिल सकती है। अगले 2 दिन तक एक्यूआई 200 से नीचे रहने का अनुमान है। कमोबेश ऐसा ही मौसम गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम में रिकॉर्ड किया जा सकता है।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से गर्मी से राहत है। राज्य के कई जिलों में बुधवार से आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने इस दौरान मेघ गर्जन के वज्रपात और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का अलर्ट घोषित किया है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा संभाग जोधपुर, बीकानेर संभाग और अजमेर संभाग में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 20 मार्च तक 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश होने के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने का अनुमान है। फिलहाल राज्य में गर्मी और लू से मामूली राहत मिली है और चित्तौडगढ़ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और सिरोही में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उधर, पड़ोसी जिले मध्य प्रदेश में भी विक्षोभ का असर दिखाई देगा। खासकर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर और उज्जैन क्षेत्र में आंधी-बारिश रिकॉर्ड की जाएगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। पिछले कई दिनों से पर्वतीय हिस्सों पर बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां जारी हैं। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में विक्षोभ और मजबूत होगा, जिसके प्रभाव उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत पहाड़ी क्षेत्रों पर पड़ेगा, जिससे 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तेज बारिश के साथ बर्फ गिरेगी। हालांकि, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की ओर लगातार हल्की बर्फबारी जारी है, जिससे वहां न्यूनतम तापमान माइनस की श्रेणी में बना हुआ है, जिससे लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है।
हिमाचल-कश्मीर का मौसम
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां तेज होंगी। मौसम विभाग ने हिमाचल के कुल्लू, लाहौल स्पीति, रोहतांग दर्रा, अटल टनल और चोटियों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। 19 और 20 मार्च को शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम का गहरा प्रभाव नहीं दिखाई देगा। वहीं, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विक्षोभ के असर से मौसमी गतिविधियां जारी हैं। पर्वतीय भागों पर बर्फबारी और बारिश से मौसम बदला हुआ है, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य है और लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है। आईएमडी की मानें तो अगले एक सप्ताह के दौरान छिटपुट बारिश एवं बर्फ गिरने का सिलसिला जारी रह सकता है।
दक्षिण भारत में आंधी-तूफान बारिश
दक्षिण भारत में अगले कई दिनों तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव रहेगा, जिसके असर से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश एवं अंडमान और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने अगले 6 दिनों तक मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान लगाया है, जिससे भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद है। उधर, पुडुचेरी के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने 21 मार्च तक बारिश की गतिविधि पश्चिमी घाट में छिटपुट हल्की बारिश जारी रहेगी। खासकर, तमिलनाडु के विरुधुनगर, शिवकाशी, तिरुथंगल, सत्तूर, पेरियापत्ती, चित्तूराजपुरम और मीनामपत्ती सहित कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान से मौसम प्रभावित रहेगा। कलासपक्कम, पुदुकोविल, वानीयमबाड़ी, अंबूर और येलागिरी पहाड़ियों में भी ऐसी ही स्थिति देखी जाएगी।
19 मार्च गुरुवार का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 16°C | 29°C |
| मुंबई | 24°C | 29°C |
| कोलकाता | 22°C | 32°C |
| चेन्नई | 23°C | 30°C |
| बेंगलुरु | 18°C | 30°C |
| हैदराबाद | 19°C | 30°C |
| पटना | 19°C | 32°C |
| लखनऊ | 19°C | 32°C |
| भोपाल | 21°C | 34°C |
| जयपुर | 20°C | 31°C |
| चंडीगढ़ | 16°C | 26°C |
| देहरादून | 12°C | 22°C |
| शिमला | 8°C | 16°C |
| कश्मीर | 3°C | 6°C |
हीटवेव क्या है?
मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
गर्मी कहां पड़ रही
देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।
