शहर

अगले 3 दिन भारी, धूल भरी आंधी-बारिश की चेतावनी; ओले-बिजली से बरतें सावधानी

उत्तर भारत में अगले 48 घंटे के बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से बादल छाएंगे और गरज-चमक, आंधी-तूफान के साथ वज्रपात-बारिश होने का पूर्वानुमान है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। उधर, पूर्वोत्तर में एक नया मौसमी सिस्टम बनने से अगले 2 दिन तक तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का अलर्ट है। दक्षिण भारत में भी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है।

Image

अगले 3 दिन भारी, धूल भरी आंधी-बारिश की चेतावनी; ओले-बिजली से बरतें सावधानी

मौसम विभाग ने अगले 3 दिन के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में मौसम परिवर्तित होगा और मौसमी गतिविधियां दर्ज की जाएंगी। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी जारी है। आईएमडी ने 14 मार्च तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश का असर फीका पड़ेगा, लेकिन 16 मार्च से फिर से तेजी आ सकती है। वहीं, 15 से 17 मार्च तक समूचे उत्तर भारत में बादलों की आवाजाही शुरू होगी और हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में मौसम करवट लेगा। इस दौरान गरज-चमक, तेज आंधी (30 से 50) किलोमीटर प्रति घंटे के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इससे तापमान में मामूली कमी आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से त्वरित राहत मिलेगी। स्काईमेट ने बताया कि 13 से 15 मार्च तक असम, मेघालय में भारी बारिश एंव अरुणाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी होने का अनुमान है। अगले 48 घंटे के दौरान महाराष्ट्र, विदर्भ, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में मेघ गर्जन और आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होने का अलर्ट है। शेष राज्यों में तेज गर्मी के बीच लू (हीटवेव) की चेतावनी है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम बदल गया है और आसमान पर बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके प्रभाव से शनिवार से आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। अगले एक-दो दिन आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं तथा तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से गर्मी से राहत की उम्मीद है। 14-15 मार्च को जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिले गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की आंधी-बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है। आईएमडी ने 19-21 मार्च के दौरान भी नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की बात कही है, जिससे आंधी-बारिश होने का अनुमान है। फिलहाल, कोटा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री व बाड़मेर में 39.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार से मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सुबह से हल्की हवाओं के बीच बादलों की आवाजाही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 15 मार्च को हल्की बारिश की ठंडी फुहार पड़ने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी। अगले 2 दिन तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल, हवाओं की गति बढ़ने से हवा की क्वालिटी (AQI) में सुधार हो सकती है। फिलहाल, एक्यूआई खराब श्रेणी में बना हुआ है। सीपीसीबी के मुताबिक, आनंद विहार में 245, चांदनी चौक में 275, अलीपुर में 200, बवाना में 240, अशोक विहार, छावनी में 200 में एक्यआई रहने का अनुमान है। इधर, नोएडा और गाजियाबाद में भी स्थिति ठीक नहीं है, जिससे लोगों को शुद्ध हवा की गुंजाइश नहीं है।

यूपी में बारिश का मौसम

उत्तर भारत में 15 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर राज्य के अधिकांश भाग पर पड़ेगा। आईएमडी ने बताया कि 15 और 16 मार्च को गरज-चमक और हल्की आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट की संभावना है। लेकिन, गेहूं की फसल के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। फिलहाल, कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

बिहार का मौसम कैसा रहेगा

बिहार में मौसम लगातार बदल रहा है। कई दिनों से कुछ जिलों में बादल छाए नजर आ रहे हैं और कहीं-कहीं धूप परेशान कर रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिन आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी और पटना, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार और सुपौल में अगले कुछ घंटे 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहने और बारिश की संभावना है। इस दौरान कई हिस्सों पर हल्की आंधी और ठनका (hailstorm) गिरने का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। शेष जिलों में मौसम साफ रहने और तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी बढ़ने और लू चलने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है।

हरियाणा-पंजाब में बारिश का पूर्वानुमान

हरियाणा में अगले 36 घंटे के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 14 मार्च से प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने दादरी, चरखी, भिवानी, हिसार, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पंचकूला और पानीपत में गरज चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट है। मौसमी गतिविधियां होने से तापमान में मामूली कमी आने से गर्मी से राहत की उम्मीद है। उधर, पंजाब में भी मौसम करवट लेगा और अगले 3 दिन तक आंधी एंव बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खासकर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, पटियाला, फतेहगढ़, मोहाली और संगरूर में बारिश का अलर्ट घोषित है।

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड में कई दिनों से मौसम बदला हुआ है और कई ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश एंव बर्फबारी की गतिविधियां जारी रहने से लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में मेघ गर्जन के बीच बारिश एवं बर्फबारी का अलर्ट है। मौसम गतिविधियां होने से तापमान में कमी आई है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, मैदानी इलाकों में मौसम साफ है, लेकिन तापामान सामान्य बना हुआ है। 16 मार्च से प्रदेशभर में बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 13 और 14 मार्च को अच्छी खासी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। पिछले 24 घंटे के दौरान रोहतांग, अटल टनल, पांगी और भुंतर में बारिश और बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि हुई। 15 से 18 मार्च के बीच एक बार फिर से मौसम खराब होने का अनुमान जताया गया है, जिससे ऊंचाई वाले भागों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। केलांग, लाहौल स्पीति, कोकसर, कुंजम, शिंकुला और बारालाचा में बर्फबारी और मनाली समेत कई स्थानों पर पानी बरसने की संभावना है। मौसम गतिविधियां होने और तेज बर्फीली हवाएं चलने से ठंडक महसूस की गई। उधर, जम्मू-कश्मीर के ऊचाई वाले भागों पर बादलों की आवाजाही जारी है और पिछले 72 घंटों के दौरान बारिश एंव बर्फबारी से मौसम बदला हुआ है। हालांकि, अगले 2 दिन बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत दिए गए हैं, लेकिन 16 मार्च से एक बार फिर से मौसम करवट लेगा और बारिश-बर्फबारी की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे हिल्स पर सर्दी महसूस होगी।

महाराष्ट्र में बारिश का अलर्ट

महाराष्ट्र में 17 से 20 मार्च के बीच मौसम के बदलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों मेंबादल छाए रहने की संभावना है। खासकर, मराठवाड़ा, विदर्भ, खानदेश और मध्य महाराष्ट्र के क्षेत्र में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इतना ही नहीं खराब मौसम के दौरान कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने के खतरे के बीच लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। खराब मौसम से किसानों को भारी नुकसान हो सकता है। हालांकि, मुंबई में तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने से गर्मी का एहसास तेज होगा।

मेघालय, आंध्र प्रदेश में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के मौसम का पूर्वानुमान जताते हुए बताया है कि पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज हो सकती है। इस दौरान असम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, मेघालय, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। खासकर, पूर्वोत्तर के हिस्सों पर तेज आंधी-तूफान के बीच झमाझम बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने इस दौरान ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया है। वहीं, दक्षिण भारत में प्री मानसून के संकेत मिल रहे हैं, जिससे अगले कुछ दिनों में बारिश तीव्रता पकड़ सकती है। फिलहाल, अधिकांश राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में गर्मी में तेजी से इजाफा होगा।

14 मार्च शनिवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली18°C32°C
जयपुर20°C33°C
चंडीगढ़18°C31°C
भोपाल22°C36°C
मुंबई26°C33°C
कोलकाता25°C34°C
चेन्नई24°C31°C
हैदराबाद22°C35°C
रांची19°C33°C
लखनऊ20°C36°C
पटना21°C34°C
देहरादून14°C27°C
शिमला10°C22°C
कश्मीर3°C12°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article