शहर

Kal Ka Mausam : अगले 48 घंटे भारी बारिश का पूर्वानुमान, 22 राज्यों में अलर्ट; बाढ़-लैंडस्लाइड से रहें सतर्क

कल का मौसम कैसा रहेगा (13 अगस्त 2026) : आईएमडी ने दक्षिण-भारतीय राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कमोबेश ऐसा ही मौसम पूर्वोत्तर के भागों में रहने का अनुमान है। इधर, उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। पहाड़ों पर भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम : मौसम विभाग ने देश के अधिकांश राज्यों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में अगले कई घंटों तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे और मैदानी भागों पर तेज वर्षा का अलर्ट घोषित किया गया है। खराब मौसम के दौरान अत्यधिक पानी बरसने से अचानक बाढ़ आने और लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर भारत के असम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मेघालय, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर भारी वर्षा की समस्या है। उधर, दक्षिण भारतीय राज्यों में भी तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु व अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज वर्षा की चेतावनी है। उधर, महाराष्ट्र और गुजरात के हिस्सों पर भी पानी बरसने का पूर्वानुमान है।

पहाड़ों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने पहाड़ों पर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश के संकेत दिए हैं। अगले 2 दिन तक पहाड़ों से लेकर मैदानी भागों पर तेज बारिश का पूर्वानुमान है। कई हिस्सों पर अचानक बाढ़ आने और लैंडस्लाइड को लेकर चेतावनी है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ है। बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही लगी रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पालम में यह 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 89 दर्ज किया गया, जो ’संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान के अनेक हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने के कारण भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर तथा जोधपुर और बीकानेर संभागों के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसी तरह 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश भागों में बारिश में कमी आएगी। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। उदयपुर और बारां जिलों में अति भारी बारिश, जबकि भीलवाड़ा, झालावाड़, करौली, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, राजसमंद और नागौर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 227 मिलीमीटर बारिश बस्सी (चित्तौड़गढ़) में हुई।

ओडिशा में भारी बारिश

ओडिशा में 17 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने यह मौसमी प्रणाली अगले 48 घंटों के दौरान और अधिक सक्रिय हो सकती है और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकती है। भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि राज्य में अगले पांच से छह दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। अंगुल और क्योंझर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ’ऑरेंज अलर्ट’ और ओडिशा के बाकी जिलों में भारी बारिश का ’येलो अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी ने कहा कि 15 अगस्त तक ओडिशा तट और उसके आसपास 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और इस दौरान हवा की रफ्तार कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान समुद्र के अशांत रहने की भी संभावना है।

असम में बाढ़ का कहर

असम में आईएमडी के गुवाहाटी केंद्र ने चराईदेव, डिब्रूगढ़, जोरहाट, शिवसागर और तिनसुकिया जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने और बिजली गिरने का अनुमान जताया है। नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर है, जिससे बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। एएसडीएमए के अधिकारी ने बताया कि नुमालीगढ़ में धनसिरी और श्रीभूमि में कुशियारा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन पांच जिलों में 92 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र संचालित कर रहा है, जिनके जरिए 30,205 प्रभावित लोगों को सहायता दी जा रही है।

बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल के तटीय जिलों में बहुत भारी बारिश और शनिवार तक दक्षिण बंगाल के बाकी हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके पीछे बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बना अवदाब मुख्य कारण है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आस-पास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना है। यह समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके कारण, बुधवार को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक अवदाब बनने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार, आज दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी और उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर और पश्चिमी मिदनापुर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कोलकाता, हावड़ा, हुगली और बांकुरा जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही, आंधी-तूफान और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article