शहर

72 घंटे में लुढ़केगा तापमान, 15 राज्यों में आंधी-पानी, वज्रपात; ओलावृष्टि-हीटवेव से करें बचाव

अगले 72 घंटों में कई राज्यों में खतरनाक मौसम का पूर्वानुमान जताया गया है। आईएमडी ने पश्चिम बंगाल, झारखंड समेत पूरे पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी किया है। उधर, दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है। अगर, बात उत्तर भारत की करें तो अभी आंधी-पानी से भीषण गर्मी और लू से राहत रहेगी और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के हिमालयी भागों पर बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि से मौसम बदला रहेगा।

Image

मौसम आज-कल

मौसम के लिहाज से अगले कई दिन उलटफेर वाले साबित होने वाले हैं। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर समेत अधिकांश राज्यों में तापमान डाउन रहेगा और लू-भीषण गर्मी से राहत रहने वाली है। आईएमडी ने अगले 2 दिन के मौसम का अलर्ट जारी करते हुए पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के बने रहने और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व कश्मीर के कुछ ऊंचे हिस्सों पर तेज हवाएं बहने, बारिश-बर्फबारी के साथ ओले गिरने की संभावना व्यक्त की है। इधर, समूचे उत्तरी भागों पर विक्षोभ का असर दिखाई दे सकता है। शनिवार-रविवार को भी हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश के कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ झमाझम बारिश, ओलावृष्टि-आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है, जिससे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस पारा गिर सकता है, जिससे अगले कई दिनों तक हीटवेव से छुटकारा मिलेगा। स्काईमेट ने मई के पहले सप्ताह में पूर्वोत्तर के ज्यादातर राज्यों में तूफानी हवाएं और भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा है। उधर, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी तेज पानी बरसने की चेतावनी है। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ जिलों को छोड़कर ज्यादातर सूखे और गर्मी का सामना करेंगे।

यूपी में कल मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में पिछले 2 दिन से हल्की मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में मामूली कमी देखी गई है, जिससे भीषण तपिश वाली गर्मी और लू से राहत मिली है। हालांकि, कहीं-कहीं तेज बारिश और तूफान व बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने 4 मई यानी 72 घंटे में एक बार फिर से राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर तेज हो सकता है और अधिकांश जिलों में धूल भरी आंधी के साथ मूसलाधार बारिश, ओले गिरने और वज्रपात का खतरा बढ़ सकता है, जिससे अधिकतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस से कम की गिरावट हो सकती है, जिससे तपिश कम होगी। कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

बिहार में कब होगी बारिश

बिहार में पिछले दिनों से भीषण गर्मी ने परेशान किया और कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हुआ और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आईएमडी की मानें तो अभी कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की गतिविधियां जारी हैं, जो अगले 3 मई तक रुक-रुककर जारी रह सकती हैं। अगले 2 दिन तक पटना, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, बेगूसराय और छपरा समेत करीब 30 से अधिक जिलों में बारिश का येलो अलर्ट है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और ठनका गिरने की चेतावनी है।

दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटे से तापमान में कमी आने से लोगों को भीषण गर्मी का असर काफी कम हुआ है। अधिकतम और न्यूनतम पारे में करीब 4 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले सप्ताह में भी बादलों की आवाजाही रहेगी और 4-5 मई को मौसम करवट लेगा और फिर से आंधी-बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इस बीच अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, वीकेंड पर मौसम साफ रह सकता है, लेकिन चिलचिलाती गर्मी से राहत रहेगी। मौसमी गतिविधियां होने से प्रदूषण का स्तर कम हुआ है और कई हिस्सों पर एक्यूआई में सुधार देखा जा रहा है।

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कई जिलों तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने 1 से 6 मई तक राज्य के कई हिस्सों पर आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। खासकर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और उदयपुर संभाग में बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। आईएमडी ने शनिवार को जयपुर, अजमेर, अलवर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, सीकर, टोंक, बाड़मेर, झुंझुनू, करौली, सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, फलौदी और श्री गंगानगर में 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें आंधी, आकाशीय बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अंदेशा है। हालांकि, बारिश के बाद भी तापमान में ज्यादा कमी नहीं आई है। लेकिन, लोगों को गर्मी से मामूली राहत की उम्मीद है। लेकिन मौसमी गतिविधियों के चलते लू (Heatwave) से राहत रहेगी।

उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर

उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। हालांकि, पिछले 72 घंटे से जारी मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी रिकॉर्ड की जा रही है, जिससे पर्वतीय हिस्सों पर मौसम काफी ठंड प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर आंशिक मौसमी असर के चलते लोग गर्मी का भी सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग ने 5 मई तक रुक-रुक कर बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में बारिश-बर्फबारी और आंधी के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम कैसा रहेगा

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी-बारिश का दौर जारी है। कई हिस्सों पर तूफानी हवाओं के साथ पानी और ओलावृष्टि से तापमान कई डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया है, जिससे लोगों को सर्द मौसम का एहसास हो रहा है। शिमला आईएमडी ने अगले 72 घंटे के दौरान शिमला, सिरमौर, सोलन, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में खराब मौसम का येलो अलर्ट जारी है। हालांकि, मैदानी भागों पर धूप से गर्मी का असर भी तेज हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 6 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी और तीन मई को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर कई जिलों में तेज तूफान और पानी बरसेगा। उधर, पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर और लेह में मौसम खराब है। कई ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी है, लेकिन जम्मू क्षेत्र में मौसम गर्म प्रतीत हो रहा है।

02 मई (शनिवार) का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली25°C36°C
मुंबई29°C32°C
चेन्नई29°C35°C
बेंगलुरु23°C34°C
कोलकाता24°C31°C
रांची21°C31°C
पटना22°C31°C
लखनऊ23°C32°C
भोपाल27°C38°C
जयपुर27°C39°C
चंडीगढ़24°C34°C
देहरादून18°C28°C
शिमला15°C24°C
कश्मीर7°C16°C

पूर्वोत्तर भारत में प्री मानसून

पूर्वोत्तर भारत में प्री मानसून की गतिविधियां जारी हैं। स्काईमेट ने अधिकांश राज्यों में पिछले कई दिनों से आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी रखा है, जो अगले कई दिनों तक लागू रहेगा। खासकर, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और सिक्किम में कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने और मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट घोषित है। लगातार तेज बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी मौसमी गतिविधियों से गर्मी व लू से राहत रहेगी।

केरल-तमिलनाडु में तूफानी बारिश

दक्षिण भारत में भीषण गर्मी और लू पर बादलों ने ब्रेक लगा रखा है। पिछले कई दिनों से जारी मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान गिरा हुआ है, जिससे सूरज की तपिश कम हुई है। मौसम विभाग ने 2, 3 और 4 मई तक एक कमजोर चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में तेज तूफान के साथ भारी बारिश अलर्ट जारी किया है। उधर, पश्चिमी घाट के साथ गुजरात, मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश भागों पर गर्मी और लू का सिलसिला जारी रहेगा।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

कब आएगा मानसून?

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्री मानसून जल्द ही दस्तक देख सकता है। हालांकि, जून महीने के दौरान मानसून एंट्री दे सकता है, लेकिन गति थोड़ी धीमी रहेगी और अत्यधिक बारिश की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि जून में उत्तर पश्चिम भारत में भीषण लू और गर्म हवाएं चलेंगी, लेकिन दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तीव्र मानसून के आगे बढ़ने के आसार रहेंगे। हालांकि, मानसून सामान्य से कम रहेगा। उत्तर भारत में कम बल्कि पूर्वोत्तर भारत बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय में बेहतर बारिश को होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article