कल का मौसम : उत्तर भारत में लंबे इंतजार के बाद मॉनसून ने दस्तक दे दी है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर के हिस्सों को कुछ घंटे का इंतजार करना पड़ सकता है। लेकिन, अनुमान है कि 2 जुलाई को एंट्री ले सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सों से लेकर मैदानी भागों पर भी मॉनसूनी बारिश से मौसम का मिजाज बदल जाएगा। इस दौरान अंधड़ के साथ आकाशीय बिजली गिरने और लैंडस्लाइड का खतरा हुआ है। इधर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में भी बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। माना जा रहा है कि उमस को छोड़कर लू की गतिविधियों से राहत मिल सकती है। स्काईमेट ने समूचे पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में चक्रवाती हवाओं के साथ भारी से भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। उधर, मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों और गुजरात व गोवा में तेज वर्षा की चेतावनी है।
दक्षिण भारत में मॉनसून एक्टिव
दक्षिण भारत के राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय रहने से भारी बारिश का सिलसिला जारी है। स्काईमेट ने समूचे दक्षिण भारत तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप में तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज पानी बरसने का अलर्ट है। उधर, पश्चिमी घाट के आगे महाराष्ट्र और गुजरात में भी अच्छी-खासी बारिश की संभावना बनी हुई है। उधर, पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून एक्टिव है, जिससे असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मेघालय, त्रिपुरा और ओडिशा से आगे झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी मौसमी गतिविधियां होने का अलर्ट है। आईएमडी के मुताबिक, अब भीषण गर्मी से राहत के साथ लू पर ब्रेक लग सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि 3 से 5 जुलाई के बीच गुजरात और महाराष्ट्र के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को दिनभर आसमान बादलों से ढके रहे। हालांकि, बारिश का इंतजार बढ़ता जा रहा है। आईएमडी ने दोपहर और शाम के दौरान तेज सतही हवाएं चलने को लेकर ’येलो अलर्ट’ भी जारी किया था, लेकिन पूर्वानुमान सही साबित नहीं हुआ। हालांकि, दो जुलाई तक समूचे एनसीआर में मॉनसून के पहुंचने के आसार जताए जा रहे हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। फिलहाल, दिल्ली में पॉल्यूशन से मामूली राहत है फिर भी एक्यूआई 170 को क्रॉस कर गया। सीपीसीबी के अनुसार,177 दर्ज किया गया, जो ’मध्यम’ श्रेणी में आता है।
पंजाब और हरियाणा का मौसम कैसा है?
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मॉनसूनी बारिश का असर दिखाई दे रहा है। यही कारण है कि बुधवार को कई जिलों में बारिश हुई, जिससे पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। पंजाब में मोहाली, खरड़, पठानकोट, पटियाला और होशियारपुर में बारिश हुई, जबकि हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत, हिसार, रोहतक और करनाल के अलावा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी बुधवार सुबह बारिश दर्ज की गई। यहां स्थित मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट में 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि होशियारपुर में 5.5 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर में 10.5 मिलीमीटर बारिश हई। वहीं, सोनीपत में पांच मिलीमीटर और रोहतक में तीन मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इन इलाकों में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी था।
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून पहुंचा
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून पहुंच गया है। खासकर, शिमला, मनाली और धर्मशाला सहित हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने से नदियों का जलस्तर बढ़ गया। आईएमडी के मुताबिक, प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के बावजूद राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही थी। स्थानीय मौसम विभाग ने चार जुलाई को छोड़कर दो से छह जुलाई के बीच कुछ जगहों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश को लेकर ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। कई नदियों और उनकी सहायक नदियों में जलस्तर बढ़ गया। ऊना जिले में स्वां नदी के उफान पर थी, जिसके कारण अधिकारियों ने लोगों को नदी के पास नहीं जाने की सलाह दी।
उत्तराखंड में मानसून की दस्तक
उत्तराखंड में मानसून के दस्तक देने के साथ ही अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त करते हुए ’ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिन में मानसून के राज्य के शेष भागों में भी पहुंचने की उम्मीद जताई है। मौसम केंद्र के मुताबिक, देहरादून एवं बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि दो जुलाई को दिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ एवं हरिद्वार मे कहीं-कहीं भारी बारिश के पूर्वानुमान के साथ ’येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
मुंबई में बारिश का अलर्ट
मुंबई के कई हिस्सों में बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में 100 मिलीमीटर से अधिक भारी बारिश हुई जिसके कारण अंधेरी सबवे और कुछ अन्य निचले इलाकों में जलभराव हो गया और इस वजह से मार्ग में परिवर्तन करना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) बसें सामान्य रूप से संचालित हुईं, जबकि मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे में उपनगरीय रेल सेवाएं कुछ देरी से चल रही हैं।
