शहर

1 सितंबर का मौसम : आज होगी बादल फाड़ बरसात! आफत की बारिश संग आएगा तूफान; वज्रपात-लैंडस्लाइड से रहें सावधान

Kal Ka Mausam, 01 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : सितंबर माह की शुरुआत तेज मौसमी गतिविधियों के साथ होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में आंधी-तूफान के साथ मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में इस सप्ताह बादल फटने के साथ बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बना रहेगा। उधर, दक्षिण, पूर्वोत्तर के राज्यों के साथ गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा 01 सितंबर 2025: देभभर में मानसूनी बारिश ने कहर बरपा रखा है। खासकर, पहाड़ी इलाकों में जारी आफत की बारिश से तबाही का आलम है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने से भयावह मंजर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने इन तीनों राज्यों में अगले एक सप्ताह तक बादल फाड़ बारिश का अलर्ट घोषित किया है। 1 सितंबर से लेकर करीब 5 सितंबर तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और लैंडस्लाइड की घटनाएं जनजीवन प्रभावित कर सकती हैं। लिहाजा, हिल्स एरिया में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इधर, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश में सोमवार से काले बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान अधिकांश भागों में मध्यम हवाओं के साथ मेघ गर्जन, तड़ित झंझा (आकाशीय बिजली) गिरने और मूसलाधार बारिश की संभावना है, जिससे मौसम का मिजाज तो सुहावना रहेगा, लेकिन नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ेगा। तराई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात रहेंगे। आईएमडी की मानें तो छत्तीसगढ़, झारखंड महाराष्ट्र और गुजरात में सितंबर माह की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ होगी। उधर, दक्षिण-पूर्वोत्तर के राज्यों केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, असम, अरुणाचल, मेघालय, सिक्किम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में तेज मौसमी गतिविधियां होने की चेतावनी है।

दिल्ली कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आसमान बादलों से ढके हैं। दिल्ली में रुक-रुककर बारिश दर्ज की जा रही है। आईएमडी ने रविवार और सोमवार को बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है, जिससे एनसीआर का मौसम सप्ताह की शुरुआत में काफी सुहावना रहेगा। आईएमडी के मुताबिक, बादलों के छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, अच्छी बारिश के कारण प्रदूषण का स्तर घटता जा रहा है, जिससे लोग साफ हवा में सांस ले रहे हैं।

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। मौसम विभाग ने रविवार से सितंबर के पहले सप्ताह में भारी बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी की मानें तो 26 जिलों में बारिश की संभावना बन रही है। सोमवार से पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी यूपी तक मौसमी गतिविधियां होने के चांस हैं। इस दौरान नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हाथरस, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश के संकेत हैं। उधर, बुंदेलखंड में झांसी, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन, कानपुर, कानपुर देहात, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, वाराणसी और जौनपुर समेत कई पड़ोसी जिलों में 2 सितंबर तक तेज बारिश का अनुमान है। मूसलाधार बारिश के कारण प्रदेश की नदियां, गंगा, यमुना, घाघरा, शारदा, रामगंगा, सरयू, केन और बेतवा उफान पर है, जिससे तराई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं।

बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा?

बिहार में मौसम का मिजाज बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी रखा है। अगले 3 दिन तक पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर और मुजफ्फरपुर में मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश की चेतावनी है। वहीं, दरभंगा, मधुबनी, पटना, गया, हाजीपुर, किशनगंज, अररिया, सुपौल, मुंगेर और बेगूसराय में ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और तेज बारिश की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, राज्य के 13 जिलों में बादल रूठे रहेंगे, जिससे उमस परेशान कर सकती है। राज्य में गंगा समेत कई अन्य नदियां उफान पर हैं।

पंजाब-हरियाणा का मौसम

पंजाब के कई हिस्सों में बारिश जारी है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में सतलुज, ब्यास और रावी नदियों और बरसाती नदियों में बाढ़ के कारण भारी बारिश के कारण पंजाब बाढ़ की चपेट में है। मौसम विभाग ने सोमवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और मंगलवार तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी की मानें तो अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा , फरीदकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, फिरोजपुर, मानसा, मोहाली और श्री आनंदपुर साहिब में बारिश का अलर्ट घोषित है। हरियाणा में 31 अगस्त से दो सितंबर तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि तीन सितंबर तक कुछ जगहों पर भारी बारिश की आशंका है। पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर और अमृतसर जिलों के गांव बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।

राजस्थान में मानसूनी बारिश

राजस्थान में मानसूनी बादलों की मेहरबानी पिछले कई दिनों से तेज बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की माने तो बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। अगस्त में अजमेर, बालोतरा, बारां, ब्यावर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, डीडवाना-कुचामन, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, जोधपुर, करौली, कोटा, नागौर, पाली, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक कई जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई आगे भी इन जिलों में वर्षा का क्रम जारी रहेगा। आईएमडी ने विभिन्न जिलों में अतिवृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने के कारण समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। आगामी पांच से छह दिन तक हल्की से मध्यम बारिश और दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड के चमोली जिले में भारी बारिश के कारण तमक बरसाती नाले में आR बाढ़ से वहां बना एक पुल बह गया, जिससे नीति घाटी के सीमांत क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया । अत्यधिक बारिश के कारण अलकनंदा नदी की सहायक जलधारा धौलीगंगा अपने साथ भारी मात्रा में भारी पानी लेकर चल रही है। केदारनाथ के चमोली में बादल फटने के बाद कुंड-चमोली राष्ट्रीय राजमार्ग भी बैरागना के समीप भूस्खलन से अवरुद्ध है जिसे खोलने के प्रयास जारी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को राज्य के देहरादून, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंहनगर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। यह स्थिति अगले 4 दिन तक बने रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश

हिमाचल प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से भारी नुकसान हुआ। लैंडस्लाइड से हाईवे समेत 822 सड़कों पर यातायात रोकना पड़ा है। मौसम विभाग ने बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले सप्ताह तक राज्य के चंबा, रामबाग, ऊना, शिमला, मंडी और सिरमौर समेत कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। मनाली शहर में हालात अभी भी नहीं सुधरे हैं, जहां पिछले पांच दिनों में भारी तबाही हुई है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली25°C31°C
जयपुर24°C31°C
मुंबई26°C28°C
भोपाल24°C29°C
पटना28°C33°C
लखनऊ27°C30°C
कश्मीर10°C16°C
देहरादून22°C26°C
शिमला17°C20°C
हैदराबाद23°C28°C
चेन्नई28°C34°C

जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा है?

जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। लगातार बारिश और लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार को छठे दिन भी यातायात के लिए बंद रहा । मौसम विभाग ने आने सप्ताह में राज्य के अधिकांश भागों में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। इस दौरान बादल फटने जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

बंगाल में बारिश

पश्चिम बंगाल में सोमवार सुबह तक उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। आईएमडी ने बताया कि दक्षिण बंगाल के जिलों में आने वाले एक सप्ताह यानी पांच सितंबर तक गरज और आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, बानरहाट, बक्सादुआर, नागराकाटा, कलिम्पोंग और कूचबिहार में भारी बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, कोलकाता में सामान्यतः बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।

गुजरात का मानसून

गुजरात में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट घोषित किया है। वहीं, कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। आनंद, खेड़ा, पंचमहल और दाहोद जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। आने वाले पांच दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खासकर दक्षिण गुजरात के तटीय क्षेत्रों में तूफानी लहरें उठने की आशंका है। ऐसे में मछुआरों को फिलहाल समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। अहमदाबाद,वडोदरा, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, वलसाड और डांग भी गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। सौराष्ट्र क्षेत्र में राजकोट, जामनगर, अमरेली, भावनगर, मोरबी, गिर सोमनाथ, बोटाद और कच्छ जैसे जिले भी ऑरेंज अलर्ट के दायरे में हैं, जहां बहुत भारी बारिश के साथ-साथ गरज-चमक के साथ तूफान की चेतावनी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article