शहर

JK Weather: श्रीनगर में होगी मौसम की पहली बर्फबारी, कश्मीर के मैदानों में लौटेगी बर्फ, लंबे सूखे दौर पर लगेगा ब्रेक

कश्मीर के मैदानी इलाकों में लंबे समय से चल रहा शुष्क मौसम का दौर अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में श्रीनगर समेत मैदानों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना जताई है। कश्मीर में 40 दिनों की कठोर ठंड का चिल्ला-ए-कलां का दौर जारी है। इस दौरान सबसे अधिक बर्फबारी होती है। लेकिन इस बार ऐसा देखने को नहीं मिला। मैदानी इलाकों में इस मौसम में अब तक बर्फबारी देखने को नहीं मिली है।

Image

कश्मीर घाटी में बर्फबारी की संभावना (AI Image)

JK Weather Today (जम्मू-कश्मीर में आज का मौसम): जम्मू-कश्मीर में घाटी के मैदानों में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर अब समाप्त होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताह में बारिश और व्यापक बर्फबारी की संभावना जतायी है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह जम्मू कश्मीर का मौसम दो पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित होगा। पहला विक्षोभ गुरुवार को अपना प्रभाव डालेगा जबकि दूसरे का असर 26 जनवरी को देखने को मिल सकता। इन दोनों वेदर सिस्टम के प्रभाव से घाटी के मैदानों सहित व्यापक क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही बर्फबारी होने का भी पूर्वानुमान जताया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी भी हो सकती है।

कश्मीर के मैदानों में अब तक नहीं हुई बर्फबारी

मौसम प्रणाली कश्मीर के मैदानों में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम को समाप्त कर सकती है। मौसम विभाग ने श्रीनगर समेत मैदानों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना जतायी है। इसके कारण जमीनी और हवाई यातायात में भी व्यवधान आ सकता है। कश्मीर घाटी इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रही है। यह कड़ाके की ठंड का 40 दिनों का समय होता है, जब रात का तापमान अक्सर शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है। इस दौरान कश्मीर घाटी में बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है। इस सीजन में 21 दिसंबर को चिल्ला-ए-कलां की शुरुआत हुई थी, जो 30 जनवरी को समाप्त होगा। हालांकि घाटी के ऊपरी इलाकों में पहले ही बर्फबारी हो चुकी है, लेकिन मैदानों में अभी तक इस सर्दी में बर्फबारी नहीं हुई है। मंगलवार रात घाटी के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में सुधार दर्ज किया गया।

कश्मीर में तापमान में हुआ सुधार

मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री का सुधार हुआ और यह शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, गुलमर्ग में शून्य से 5.0 डिग्री नीचे, शोपियां में शून्य से 5.5 डिग्री नीचे और पहलगाम में शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग में शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आगामी पश्चिमी विक्षोभ के चलते मैदानों में बर्फबारी होने की संभावना है, जिसके कारण कश्मीर के पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article