शहर

Jharkhand News: अंधविश्वास की बलि चढ़ा परिवार, पलामू में ट्रिपल मर्डर से सनसनी

झारखंड के पलामू जिले के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास और डायन-बिसाही के शक में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी गई। शनिवार को आधी रात धारदार हथियार से उनपर हमला किया गया। जिसमें 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

झारखंड में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या

Jharkhand News: झारखंड के पलामू से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक परिवार अंधविश्वास की भेंट चढ़ गया। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस हमले में एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाले रवींद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां को आरोपी बनाया है।

अंधविश्वास और डायन-बिसाही के शक में हत्या

यह घटना शनिवार आधी रात को पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव में हुई। प्रारंभिक जांच में यह मामला अंधविश्वास और डायन-बिसाही के संदेह से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान विजय भुईयां, उनकी पत्नी हेवंती देवी और बेटे छोटू भुईयां के रूप में की गई है। हमले में परिवार की 16 वर्षीया पुत्री ममता कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार ममता की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि विजय भुईयां का गांव के कुछ लोगों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। उसके परिवार पर गांव के कुछ लोग ओझा-गुणी और डायन-बिसाही का आरोप लगा रहे थे। इसे लेकर कई बार झगड़े हो चुके थे, जिसपर पंचायतें भी बुलाई गई थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात कुछ लोग विजय भुईयां के घर पहुंचे थे। परिवार के लोगों के साथ पहले मारपीट की गई, इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन घटनास्थल पर जुट गए हैं।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में हुई घटना

पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल पांकी थाना से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है और यह इलाका नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है, जिसके चलते पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article