Jharkhand News: CID ने आज यानी सोमवार 17 अगस्त को झारखंड की राजधानी रांची में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के दफ्तर पर छापा मारा। CID की टीम आज आयोग के दफ्तर पहुंची और JSSC के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की।
बता दें कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले में विशेषतौर पर झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) में गड़बड़ी के खिलाफ छात्र पिछले 24 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। अब झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सीजीएल परीक्षा में अनियमितता और पेपर लीक के मामले में आज सीआईडी ने यह कार्रवाई की।
JSSC CGL परीक्षा मामले में सीआईडी की टीम सुबूत जुटाने के लिए लगातार एक्टिव है। इसी कड़ी में आज सीआईटी की टीम ने रांची में नामकुम स्थित JSSC के दफ्तर पहुंची और छापेमारी की। इसी दौरान एक टीम ने आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की है।
बता दें कि कुछ देर में सरकार और आंदोलनकारी छात्रों (JPSC Protest) के बीच वार्ता होने वाली है। इस वार्ता से ठीक पहले CID की ने यह कार्यवाही की है।
इधर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बाबू लाल मरांडी ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'JPSC और JSSC परीक्षाओं में नौकरी बेचे जाने की CBI जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को सरकार लगातार ठगने और मामले को टालने की कोशिश कर रही है।'
उन्होने कहा, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की घोषणा के बाद सरकार ने आनन-फानन में 4 मंत्रियों की कमेटी गठित की और उसके बाद फिर शांत बैठ गई। इसके बाद छात्रों ने 15 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव की घोषणा की, तब जाकर सरकार ने छात्रों को वार्ता के लिए आज (सोमवार 17 अगस्त को) बुलाया है।
मरांडी ने कहा, अगर सरकार की नीयत वास्तव में छात्रों की मांगों को पूरा करने की होती, तो 6 दिनों तक क्यों सोई रहती? छात्रों के आंदोलन के दबाव में ही हर बार सरकार जागती है। लेकिन अब झारखंड के छात्र किसी झांसे में आने वाले नहीं हैं।
