शहर

Deoghar: रेलवे फाटक पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी ट्रेन, बाल-बाल बचे लोग; देखें खौफनाक Video

झारखंड के देवघर जिले में नावाडीह रेलवे फाटक के पास गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब गोंडा से आसनसोल जा रही ट्रेन का इंजन ट्रक से टकरा गया। हादसे में दो बाइक भी चपेट में आ गईं, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना का एक वीडियो फुटेज भी सामने आया है जिसमें हादसा साफ-साफ देखा जा सकता है। रेलवे प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

Image

रेलवे फाटक पर खड़े ट्रक से ट्रेन की भिड़ंत

Photo : Times Now Digital

Deoghar Train Truck Accident: झारखंड के देवघर जिले में गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते रह गया। देवघर से गिरिडीह जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित नावाडीह रेलवे फाटक के पास गोंडा से आसनसोल जा रही एक ट्रेन का इंजन अचानक एक ट्रक से टकरा गया। हादसा जसीडीह स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के कुछ ही देर बाद हुआ। गनीमत रही कि इस टक्कर में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

टक्कर में दो बाइक भी आईं चपेट में

इंजन और ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि पास से गुजर रही दो बाइक भी इसकी चपेट में आ गईं। दोनों बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन और जसीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे लाइन को क्लियर करने का काम शुरू किया गया। ट्रेन में सवार एक यात्री ने बताया कि फाटक के पास ट्रेन ने पहले तेज हॉर्न दिया, इसके बाद अचानक जोरदार झटका महसूस हुआ और ट्रेन रुक गई। जब यात्री नीचे उतरे तो देखा कि ट्रेन का इंजन ट्रक से टकरा चुका था। इस अप्रत्याशित घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई थी। हालांकि गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

मेन रोड हुआ जाम, लोग हुए परेशान

यह सड़क देवघर से रांची जाने वाली मुख्य सड़क है। इसके अलावा यह एम्स जाने का भी एकमात्र रास्ता है। हादसे के बाद दोनों तरफ लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर धीरे-धीरे यातायात बहाल करना शुरू किया। इस हादसे के वीडियो में देखा जा सकता है कि रेलवे फाटक के दोनों छोरों पर ढेर सारी गाड़ियां खड़ी हैं और जाम सी स्थिति दिखाई दे रही है। पटरियों के बीच एक ट्रक खड़ा है और आस पास ही कार और कुछ बाइकें खड़ी हैं। तभी हॉर्न बजाती हुई एक ट्रेन आती है और ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा जाती है। हादसे की चपेट में मोटरसाइकिलें भी आ जाती हैं।

फाटक खराब होने की आशंका, जांच जारी

स्थानीय सूत्रों के अनुसार नावाडीह रेलवे फाटक, जहां यह हादसा हुआ वहां पहले से ही फाटक खराब बताया जा रहा है। इसके खराब होने की सूचना भी रेलवे अधिकारियों को दी गई थी। बताया जा रहा है कि उस समय सिग्नल लाल था, इसके बावजूद यह हादसा हुआ। हालांकि असली कारण क्या रहा, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि नावाडीह रेलवे फाटक पर यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां इस तरह के हादसे हो चुके हैं, जिससे इस फाटक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं। अब देखना होगा कि इस बार जांच के बाद रेलवे प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article