Jewar Airport Inauguration Updates: आज का दिन उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR के इतिहास में बड़ा साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेवर में आज यानी शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) के पहले चरण का उद्घाटन कर दिया है। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक तकदीर बदलने वाला एक बड़ा प्रोजेक्ट है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, PM मोदी सुबह 11:30 बजे टर्मिनल बिल्डिंग का भ्रमण किया और ठीक दोपहर 12:30 बजे इसका औपचारिक उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। करीब 1,334 हेक्टेयर में फैला यह एयरपोर्ट दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के बोझ को कम करने के लिए बनाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन समारोह में कहा कि असली उद्घाटन जनता को करना है और उन्होंने लोगों से मोबाइल की लाइट जलाकर इसे प्रतीकात्मक रूप से पूरा करने को कहा। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर नोएडा को "लूट का एटीएम" बनाने का आरोप लगाया और बताया कि पिछले एक महीने में वेस्ट यूपी को चार बड़े विकास प्रोजेक्ट मिले हैं, ग्रेटर नोएडा में सेमीकंडक्टर यूनिट, दिल्ली-Meerut रैपिड ट्रेन, मेरठ मेट्रो और अब जेवर एयरपोर्ट। मोदी ने कहा कि एयरपोर्ट केवल सुविधा नहीं बल्कि प्रगति की उड़ान का प्रतीक है। 2014 से पहले देश में 74 एयरपोर्ट थे, जो अब बढ़कर 160 से अधिक हो गए हैं, जिससे छोटे शहरों तक भी कनेक्टिविटी पहुंच रही है। उन्होंने वैश्विक संकटों के बीच भारत की मजबूती और नागरिकों की ताकत पर भी जोर दिया।
उद्घाटन से जुड़ी सभी अपडेट्स नीचे बुलेट पॉइंट्स में दी जा रही है।
- अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने लोगों से फोन की फ्लैशलाइट जलाकर लोगों को इस उद्घाटन में भागीदार बनने को कहा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट के जरिए जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया।
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधन दे रहे हैं।
- मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को फिरोजाबाद की बनी एक बुद्ध की प्रतिमा भेंट की।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेवर एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं।
- जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर कई VVIP हस्तियां भी मौजूद हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस मौके पर कहा, "देश और उत्तर प्रदेश दोनों के दृष्टिकोण से आज प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन एक ऐतिहासिक और गर्व का दिन है। मैं राज्य के सभी नागरिकों और पूरे राष्ट्र को बधाई देता हूं। आज पूरा प्रदेश खुशी से झूम रहा है।
- सीसीटीवी, एंटी-ड्रोन सिस्टम, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और क्विक रिएक्शन टीमों के साथ व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
- सुरक्षा के लिए पांच-स्तरीय व्यवस्था की गई है, 5,000 पुलिसकर्मी तैनात हैं और एरिया को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
- आज जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन कार्यक्रम है, जिसमें लगभग 1.5-2 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।
- जेवर एयरपोर्ट का प्रोजेक्ट पूरा होने पर उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य होगा जिसके पास पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होंगे।
- प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर गौतमबुद्ध नगर में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। अपडेट के लिए यहां क्लिक करें।
- कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे इलाके में पांच स्तर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इस सुरक्षा घेराबंदी में SPG के साथ समन्वय करते हुए 5,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
- प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11:30 बजे टर्मिनल बिल्डिंग का दौरा करेंगे और ठीक दोपहर 12:00 बजे इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
- करीब 1,334 हेक्टेयर में फैला यह हवाई अड्डा दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर पड़ने वाले दबाव को कम करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
- आज पहले चरण का उद्घाटन होगा। पहले चरण में यह सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को हैंडल करेगा, जिसे भविष्य में 7 करोड़ तक बढ़ाया जाएगा।
- यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित यह एयरपोर्ट परी चौक से महज 40 किमी दूर है। यह आगरा के ताजमहल, मथुरा-वृंदावन और कुशीनगर जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचने की राह आसान करेगा।
- 80 एकड़ में फैला कार्गो हब देश के मैन्युफैक्चरिंग हब (जैसे नोएडा और अलीगढ़) को वैश्विक कनेक्टिविटी देगा, जिससे लाखों नए रोजगार पैदा होंगे।
- यह भारत का पहला ऐसा एयरपोर्ट बनने की राह पर है जो 'नेट जीरो कार्बन' उत्सर्जन पर काम करेगा। इसमें स्थानीय कंस्ट्रक्शन मैटेरियल और लाइमस्टोन सीमेंट का उपयोग किया गया है।
- जेवर एयरपोर्ट की एक खासियत यह भी है कि, इसका 3,900 मीटर लंबा रनवे दुनिया के सबसे बड़े विमानों (Wide-body aircraft) को उतारने में सक्षम है।
- PPP मॉडल पर आधारित इस प्रोजेक्ट से रियल एस्टेट, टूरिज्म और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में क्रांति आने की उम्मीद है। इसे भारत का एक नया 'एविएशन हब' बनकर उभरने की उम्मीद जताई जा रही है।
