शहर

आखिर वो घड़ी आ गई...कुछ घंटे में नोएडा एयरपोर्ट से भरें उड़ान; डायरेक्ट IndiGo देगी इन शहरों तक फ्लाइट सर्विस

Noida Airport Opening: नोएडा हवाई अड्डे से 15 से कमर्शियल फ्लाइट सर्विस शुरू हो रही है। इंडिगो देश के कई शहरों के लिए नियमित सर्विस शुरू करेगी। हालांकि, अभी इंटरनेशल फ्लाइट के लिए लंबा इंतजार करना होगा।

Image

नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून से कमर्शियल फ्लाइट होंगी शुरू

Jewar Airport Opening : जेवर क्षेत्र में स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत 15 जून से होने जा रही है। यह जानकारी शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। बयान में कहा गया है कि यह हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश को देश के सबसे बड़े विमानन, रसद और संपर्क केंद्रों में शामिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो 15 जून से इस हवाई अड्डे पर अपनी सेवाएं शुरू करेगी और इसकी पहली परिचालन विमानन कंपनी बनेगी।

नोएडा हवाई अड्डे की टाइमिंग

उद्घाटन वाले दिन पर पहली उड़ान सुबह सात बजकर पांच मिनट पर लखनऊ से रवाना होकर आठ बजकर पांच मिनट पर नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी। इसके बाद नोएडा से बेंगलुरु के लिए पहली नियमित वाणिज्यिक उड़ान संचालित की जाएगी। बयान में कहा गया है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित विकास मॉडल का भी प्रतीक है। हवाई अड्डे के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी, व्यापार और आर्थिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना बताया था। यह परियोजना आज प्रदेश के तेजी से बदलते बुनियादी ढांचा परिदृश्य की पहचान बन चुकी है।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में विकसित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी आधारभूत संरचना परियोजनाओं में से एक है जिसके लिए लगभग 1,334 हेक्टेयर (करीब 3,300 एकड़) भूमि का अधिग्रहण किया गया। राज्य सरकार ने विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरा कराया।

हवाई अड्डे के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है जिसमें इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 1.2 करोड़ होगी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने छह मार्च 2026 को हवाई अड्डे को ’एयरोड्रोम’ लाइसेंस जारी कर दिया था। वर्तमान चरण में एक रनवे, अत्याधुनिक टर्मिनल भवन और हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) टावर सहित सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article