शहर

Kashmir News: कश्मीर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी, घाटी के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे

  • Agency by: भाषा
  • Updated Dec 24, 2023, 04:21 PM IST

Kashmir News: जम्मू और कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई स्थानों पर तापमान फिर शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक घाटी के मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं होने वाला है।

Image

कश्मीर में ठंड का सितम जारी

Photo : Times Now Digital

Kashmir News: कश्मीर में दो दिनों की राहत के बाद रविवार को ठंड बढ़ गई और घाटी के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार रात को तापमान शून्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यहां एक दिन पहले शुक्रवार रात को तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। एक दिन पहले शुक्रवार रात को तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था। पहलगाम वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक है। यह कश्मीर घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा।

अधिकारियों ने बताया कि बारामूला के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकरनाग शहर में शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे एवं कुपवाड़ा में शून्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Kashmir News

Kashmir News

मौसम विभाग ने कहा कि महीने के अंत तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। कश्मीर इस समय हाड़ कंपाने वाली सर्दी के दौर ‘चिल्लई कलां' से गुजर रहा है। चिल्लई-कलां' 40 दिनों की भीषण सर्दी की अवधि है जब इस क्षेत्र में शीत लहर चलती है और तापमान बेहद नीचे चला जाता है जिससे प्रख्यात डल झील सहित जलाशयों में पानी बर्फ बन जाता है। घाटी के कई हिस्से इस स्थिति का सामना करते हैं।

इस अवधि में ज्यादातर हिस्सों में, विशेषकर ऊंचे इलाकों में बार-बार और बहुत बर्फबारी होती है। 'चिल्लई-कलां' की शुरुआत 21 दिसंबर से होती है और 31 जनवरी को यह समाप्त होगा। इसके बाद कश्मीर में 20 दिनों का 'चिल्लई-खुर्द' (छोटी ठंड) और 10 दिनों का 'चिल्लई-बच्चा' (हल्की ठंड) का दौर रहता है। उस दौरान भी शीत लहर जारी रहती है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें