Rajasthan News: राजस्थान के जालोर जिले से एक हैरतअंगेज घटना सामने आई है। जहां एक व्यक्ति ने शनिवार शाम को अपनी सास पर हमला कर उनकी नाक काट ली। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने कथित रूप से कैंची से हमला कर सास की नाक काट दी।जिसके बाद वह नाक का कटा हुआ हिस्सा लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मा्मला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
एक साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी
पुलिस ने बताया कि यह घटना जालोर जिले के डूंगरी के बंधा गांव में हुई। आरोपी शख्स की पहचान सोहनलाल के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार सोहनलाल का अपनी पत्नी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों की शादी लगभग छह साल पहले हुई थी। लेकिन पति-पत्नी के बीच जारी विवाद के कारण दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे थे। समुदाय के प्रयासों के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो पाया था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि पिछले कई दिनों से दोनों परिवारों में तनाव चल रहा था और शनिवार शाम को घर पर उनके बीच बहस भी हुई थी। शाम को पीड़िता केली देवी अपने दामाद सोहनलाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने स्थानीय थाने जा रही थीं। तभी आरोपी ने अचानक उन पर कैंची से हमला कर दिया और उनकी नाक काट दी। सरवाना थाना प्रभारी मोहनलाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा, ’’परिवार के सदस्य महिला को इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा लेकर गए हैं। महिला और परिवार के लोगों के बयान अभी तक दर्ज नहीं किए गए हैं।’’
(इनपुट - भाषा)
