Jalandhar News: जालंधर के मखदूमपुरा इलाके में मंगलवार देर शाम युवकों द्वारा तेजधार हथियारों से हमला कर एक प्रॉपर्टी व फाइनांस कारोबारी की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मखदूमपुरा निवासी लक्की ठाकुर के रूप में हुई है। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना-4 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लक्की ठाकुर को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार के बयानों के आधार पर होगी नामजदगी
घटनास्थल पर पहुंचे एसीपी ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मखदूमपुरा में लक्की ठाकुर पर हमला किया गया है, जिसके बाद थाना-4 की टीम को तुरंत रवाना किया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की गतिविधियों और पहचान को पुख्ता किया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिवार को हमलावरों की जानकारी है और परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। जिन लोगों के खिलाफ परिवार के आरोप सामने आएंगे, उन्हें एफआईआर में नामजद किया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अमेरिकी अदालत में चीनी कंपनी Huawei को झटका, लग सकता है अरबों डॉलर का जुर्माना
शिव सेना नेता के बेटे पर हमले का आरोप
मृतक लक्की ठाकुर के भाई मनमोहन ने इस हमले को लेकर एक शिव सेना नेता के बेटे पर आरोप लगाया है। मनमोहन का आरोप है कि शिव सेना नेता के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर तेजधार हथियारों से हमला किया, जिससे उनके भाई की मौत हुई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा मामले के हर पहलू की गहन जांच जारी है।
