शहर

Jalandhar News: एक घर, दो मौतें और फरार आरोपी...बच्चों के स्कूल जाते ही मचा खूनी खेल, दोपहर में लौटे तो मां-दादा के शव देखकर निकली चीखें

जालंधर के अवतार नगर में बुधवार को एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि 45 वर्षीय हीरा लाल ने विवाद के बाद अपनी पत्नी और पिता पर हमला कर उनकी जान ले ली। दोपहर में स्कूल से लौटे बच्चों ने घर में दोनों के शव देखे, जबकि वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।

Image

जालंधर में डबल मर्डर से सनसनी (फोटो- ANI)

Photo : ANI

Jalandhar News: जालंधर के अवतार नगर की गली नंबर सात में बुधवार सुबह दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया। घटना में 45 वर्षीय हीरा लाल पर अपनी पत्नी सविता और पिता अयोध्या प्रकाश की हत्या करने का आरोप है। दोनों शवों पर सिर, गले और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, सुबह बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से निकल गए थे। इसके बाद हीरा लाल का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी और पिता से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसने घर में मौजूद सामान से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण दोनों का काफी खून बह गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वारदात के पीछे घरेलू विवाद को वजह बताया जा रहा है।

बच्चों को दिखाई दिए मां और दादा के शव

हीरा लाल के चार बच्चे हैं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे जब बच्चे स्कूल से वापस घर पहुंचे, तो उन्हें घर में मां और दादा के शव दिखाई दिए। दोनों को मृत अवस्था में देखकर बच्चे घबरा गए और उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। वारदात के बाद से आरोपी हीरा लाल घर से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, घटनास्थल की बारीकी से जांच कर पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

करीब तीन दशक से जालंधर में रह रहा परिवार

जानकारी के अनुसार, यह परिवार लगभग 30 सालों से जालंधर में रह रहा है। मूल रूप से परिवार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी की बुजुर्ग मां घर की पहली मंजिल पर रहती हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। बताया गया है कि वारदात के दौरान आरोपी ने अपनी मां को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश के साथ-साथ हत्या की असली वजह जानने में जुटी है। घर में हुए विवाद से लेकर घटना के समय मौजूद परिस्थितियों तक, हर पहलू की जांच की जा रही है। दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article