शहर

Jaipur News: जयपुर अजमेर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 3 बच्चों सहित चार की मौत, एक की हालत गंभीर

राजस्थान की राजधानी जयपुर के श्याम नगर इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने फुटपाथ पर खड़े पांच लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पिता की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई।

Image

भीषण सड़क हादसे में 3 बच्चों सहित चार की मौत

राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज यानी मंगलवार 7 जुलाई की सुबह उस समय एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पांच लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई है। एक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। हादसा यहां के श्याम नगर थाना क्षेत्र के में हुआ। 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे फुटपाथ पर खड़े पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, ट्रक अनियंत्रित होकर पहले लोहे की रेलिंग तोड़ता हुआ नाले के कवर तक पहुंच गया, जहां पांचों लोग खड़े थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शवों के चिथड़े उड़ गए। एक शव के तो दो टुकड़े हो गए। नाले का ढक्कन टूट गया और पांचों लोग नाले में जा गिरे। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। मृतकों और घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो पायी है।

घटना की सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को नाले से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक का इलाज जारी है, जबकि एक घायल की मौत हो गई है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया।

डिप्टी एसपी आमिर हसन ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं लगा है। पुलिस मृतकों की पहचान और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article