Kota: राजस्थान के कोटा शहर की पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि 29 वर्षीय व्यक्ति को नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने, लोगों को धोखा देने और अपने किराए के घर में अवैध रूप से कोबरा सांप पालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इतना ही नहीं पुलिस ने आरोपी के पास से 7.20 लाख रुपये के नकली भारतीय नोट भी बरामद किए हैं।
किराए के घर में कोबरा सांप पालता था आरोपी
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने उसके कब्जे से 7.20 लाख रुपये के नकली भारतीय मुद्रा और एक कोबरा सांप भी बरामद किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद इमरान (29) के रूप में हुई है जो उत्तर प्रदेश के झांसी का रहने वाला है और अपनी पत्नी के साथ कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। आरोपी किराए के घर में रहता था और उस पर मकान से कोबरा सांप मिला है। बताया जा रहा है कि वह घर में अवैध रूप से कोबरा सांप पाल रहा था।
आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 23 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इमरान के साथ उसकी पत्नी असमीन (25) पर भी यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस ने बताया कि उसे अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।
नाबालिग से छेड़छाड़ करने का आरोप
कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमृता दुहन ने बताया कि राजा नगर के एक पीड़ित ने इस सप्ताह रविवार को रेलवे कॉलोनी थाने में इमरान के खिलाफ अपनी नाबालिग भतीजी से छेड़छाड़ करने, उसके साथ अश्लील वीडियो बनाने और उसके पिता से 1.36 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी प्राथमिकी के बाद इमरान के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
(इनपुट - भाषा)
