Jaipur News: जयपुर के श्याम नगर थाना पुलिस ने एक शातिर साइकिल चोर को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की कुल 5 साइकिलें बरामद की हैं। आरोपी इन साइकिलों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ओएलएक्स पर 2 से 3 हजार रुपए में बेचकर अपने शौक और मौज-मस्ती पूरी किया करता था।
श्याम नगर थाना सीआई दलबीर सिंह के अनुसार, 26 सितंबर को राजेश जोशी नामक व्यक्ति ने साइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 17 सितंबर को दोपहर 1 से 4 बजे के बीच उनके घर से साइकिल चोरी हो गई। आसपास तलाश करने पर भी साइकिल नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की पहचान विश्वेंद्र सिंह (21), निवासी गोकुलपुरा थाना करधनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 5 महंगी साइकिलें बरामद कीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की साइकिलों को ओएलएक्स पर डालकर 2–3 हजार रुपए में बेच देता था और उस पैसे से अपनी मौज-मस्ती करता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने में जुटी है कि क्या उसने पहले भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
