Gangapur City Brutal Attack: सवाई माधोपुर जिले के गंगापुर सिटी उपखंड क्षेत्र के गंगा जी की कोठी गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक महिला मजदूर के दोनों पैर काटकर बदमाश चांदी के डेढ़ किलो वजनी कड़े लूटकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता कमला देवी मूल रूप से बामनवास के सीतोड़ गांव की रहने वाली है और मेहनत-मजदूरी का काम करती है। 5 अक्टूबर को कमला देवी की मुलाकात पिपलाई कस्बे में एक अज्ञात व्यक्ति से हुई थी। उस व्यक्ति ने खुद को ठेकेदार बताते हुए कहा कि उसके यहां कई जगह निर्माण कार्य चल रहे हैं और उसे मजदूरों की आवश्यकता है। उसने कमला से मोबाइल नंबर लिया और 8 अक्टूबर को गंगापुर सिटी बुलाया।
कमला देवी अपनी बहू सीमा और पड़ोसन उगती के साथ मजदूरी करने के लिए गंगापुर सिटी पहुंची। अज्ञात व्यक्ति बाइक लेकर बायपास चौराहे पर आया और बहू व पड़ोसन को उदेई मोड़ पर छोड़ते हुए कहा कि वह कमला देवी को लेकर आता है। इस दौरान उसने बहू का मोबाइल भी अपने पास रख लिया। बहू सीमा के अनुसार, काफी देर इंतजार करने के बाद भी वह शख्स वापस नहीं लौटा। संदेह होने पर दोनों महिलाएं सदर थाना गंगापुर सिटी पहुंचीं और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करवाया।
गुरुवार को अचानक सूचना मिली कि गंगापुर सिटी के पास गंगा जी की कोठी गांव के निकट पेट्रोल पंप के पास एक महिला गंभीर अवस्था में पड़ी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला की पहचान कमला देवी के रूप में हुई। उसके दोनों पैर कटे हुए थे और शरीर से भारी मात्रा में खून बह चुका था। उसे तत्काल गंगापुर सिटी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने विशेष टीमों का गठन किया है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। पुलिस इस जघन्य वारदात के पीछे की साजिश और आरोपी की पहचान जल्द उजागर करने का दावा कर रही है।
