चित्तौड़गढ़ : जिले के मेवाड़ क्षेत्र में स्थित विश्वविख्यात कृष्णधाम भगवान श्री सांवलिया सेठ के भक्तों की आस्था एक बार फिर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। प्रतिमाह कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर खोले जाने वाले ठाकुरजी के भंडार में इस बार 40 करोड़ 33 लाख 39 हजार रुपये की रिकॉर्ड राशि प्राप्त हुई है। दीपावली पर्व के कारण इस बार दो माह का भंडारा खोला गया, जिसके चलते चढ़ावे की मात्रा सामान्य से कई गुना अधिक रही।
दो दिवसीय मासिक मेले के पहले दिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भंडार खोला गया। गणना प्रक्रिया को छह चरणों में पूरा किया जाना है, जिसमें से पाँच चरणों की गणना पूरी होने के बाद ही राशि 40 करोड़ से ऊपर पहुंच चुकी है।
- पहले चरण में कुल 12 करोड़ 35 लाख रुपये,
- दूसरे चरण में 8 करोड़ 54 लाख रुपये,
- तीसरे चरण में 7 करोड़ 08 लाख 80 हजार रुपये,
- चौथे चरण में 8 करोड़ 15 लाख 80 हजार रुपये,
- और पाँचवें चरण में 4 करोड़ 19 लाख 79 हजार रुपये प्राप्त हुए।
अंतिम चरण की गणना शेष
कुल मिलाकर अब तक 40 करोड़ 33 लाख 39 हजार रुपये की राशि भंडार से निकल चुकी है। मंदिर मंडल के अधिकारियों के अनुसार अब केवल छठे और अंतिम चरण की गणना शेष है, जिसके बाद कुल चढ़ावे की अंतिम घोषणा की जाएगी। न सिर्फ नगद चढ़ावा, बल्कि सोना-चांदी की भेंट भी इस बार बड़ी मात्रा में प्राप्त हुई है। भेंट कक्ष कार्यालय में भक्तों द्वारा भेजे गए नगद, मनीऑर्डर और सोना-चांदी की वस्तुओं का वजन और सत्यापन अभी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सोना-चांदी की कुल मात्रा का आकलन अगले चरण में किया जाएगा।
सांवलिया सेठ मंदिर में हर माह लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन दीपावली के बाद होने वाला मासिक मेला आस्था का केंद्र माना जाता है। इस बार आया भारी चढ़ावा एक बार फिर सिद्ध करता है कि सांवलिया सेठ के प्रति भक्तों का विश्वास और श्रद्धा लगातार बढ़ती जा रही है।
