जयपुर

सेवा या मार्केटिंग : मरीज को बिस्किट देकर फोटो खिंचवाई...फिर कर दिया कुछ ऐसा; चर्चा में BJP कार्यकर्ता की वायरल हरकत

जयपुर के RUHS अस्पताल में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान बीजेपी महिला कार्यकर्ता का बिस्किट पैकेट वाला वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में कार्यकर्ता मरीज को बिस्किट देकर फोटो खिंचवाने के बाद पैकेट वापस लेती दिखी। सोशल मीडिया पर इसे लेकर राजनीतिक स्टंट और छवि सुधार की कोशिश बताई जा रही है।

Image

सेवा या मार्केटिंग : मरीज को बिस्किट देकर फोटो खिंचवाई...फिर कर दिया कुछ ऐसा; चर्चा में BJP कार्यकर्ता की वायरल हरकत

जयपुर : जयपुर स्थित RUHS अस्पताल में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के चलते सुर्खियों में है। इस वीडियो ने न सिर्फ कार्यक्रम की मंशा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि बीजेपी की छवि पर भी विपक्ष ने हमला बोल दिया है।दरअसल, सेवा पखवाड़ा के तहत अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल और बिस्किट वितरित किए जा रहे थे। इस दौरान बीजेपी की महिला कार्यकर्ता विनीता जैन का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वे एक महिला मरीज को 10 रुपये का बिस्किट पैकेट देती दिखती हैं। जैसे ही फोटो खिंचवाया जाता है, वह बिस्किट मरीज से वापस लेकर अपने बैग में रख लेती हैं और आगे बढ़ जाती हैं। इस पूरे घटनाक्रम को कैमरे में कैद कर लिया गया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

यूजर्स ने कसे तंज

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे “राजनीतिक स्टंट” करार दिया। कई यूजर्स ने तंज कसते हुए कहा कि गरीब और बीमार मरीजों का इस्तेमाल सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए किया गया। कुछ लोगों ने इसे “सेवा से ज्यादा मार्केटिंग” बताया और कहा कि सहानुभूति दिखाने की बजाय यह केवल छवि सुधारने का प्रयास है।

कार्यक्रम श्योपुर मंडल अध्यक्ष गोपाल लाल सैनी के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। इस दौरान कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि महिला कार्यकर्ता के इस व्यवहार ने पूरे आयोजन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले पर सफाई देते हुए मंडल अध्यक्ष गोपाल लाल सैनी ने कहा कि वीडियो को विपक्ष ने एडिटिंग करके वायरल किया है। उन्होंने दावा किया कि विनीता जैन ने अन्य मरीजों को भी बिस्किट और फल बांटे। जिस महिला मरीज का वीडियो वायरल हुआ, उसके पास पहले से ही एक बिस्किट पैकेट मौजूद था, इसलिए उसने नया पैकेट लेने से मना कर दिया। इसी कारण कार्यकर्ता ने बिस्किट वापस ले लिया, इसे फोटो खिंचवाने या स्टंट के रूप में दिखाना गलत है।

फिलहाल, यह वीडियो लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और यह मामला ‘सेवा पखवाड़ा’ की गंभीरता और राजनीति में छवि निर्माण बनाम वास्तविक सेवा पर बहस छेड़ चुका है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article