Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मानसून की शुरुआत से ही मौसम के मिजाज बदले-बदले नजर आ रहे है। कहीं भारी बारिश दर्ज की जा रही है, तो कहीं हवाएं चल रही हैं। रविवार को राजस्थान का मौसम सुहावना बना हुआ था। कई इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई थी। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत है। लेकिन कई स्थानों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिसके कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताई है। आइए आपको बताएं, IMD जयपुर ने आज किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है -
राजस्थान में जारी भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने वैसे तो प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। लेकिन कुछ जिले ऐसे हैं, जहां भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, नागौर, सिरोही, राजसमंद, बूंदी, टोंक, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, भरतपुर और दौसा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में जारी आंधी-आकाशीय बिजली और बारिश का अलर्ट
आईएमडी जयपुर मौसम विभाग केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, झुंझुनू, सीकर, जयपुर, अलवर, अजमेर, पाली, जालौर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, कोटा आदि जिलों में आज यानी 1 जुलाई, सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग के अनुसार, इन स्थानों पर 20 से 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
राजस्थान का मौसम हुआ कूल-कूल
मानसून की शुरुआत के साथ ही रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिसके वजह से राज्य का मौसम कूल-कूल बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश का मौसम कूल-कूल बना रहेगा। लेकिन भारी बारिश के बीच कई स्थानों और सड़कों पर जलभराव की समस्या से लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। आगामी 4 से 5 दिनों में पूर्वी राजस्थान में कई हिस्सों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
