जयपुर

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में गिरा न्यूनतम तापमान, तीन दिन घने कोहरे का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आज मौसम का हाल

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मौसम ठंडा होने लगा है। तापमान गिरने के साथ कोहरे की शुरुआत भी हो गई है। आने वाले दिनों में प्रदेश में कड़ाके की ठंड की शुरुआत होगी।

Image

राजस्थान में मौसम का हाल

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मौसम बदलने लगा है। सुबह-शाम की ठंड के बीच अब कोहरे की शुरुआत हो गई है। राजस्थान के कई जिलों में मौसम विभाग ने घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में दिन-प्रतिदिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह-शाम के दौरान लोगों को कंपकंपा देने वाली ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस साल सर्दियों में प्रदेश में कड़ाके की रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ेगी। आइए इस बीच आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -

राजस्थान में आज मौसम का हाल

राजस्थान में सुबह से कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। दिन चढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी, वहीं कोहरे में कमी आएगी। लेकिन शाम होते ही तापमान में फिर गिरावट होने लगेगी। रातें सर्द होंगी और ठिठुरन का अहसास होने लगेगा। प्रदेश के कई इलाके ऐसे हैं जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच गया है। तापमान के गिरने के कारण यहां कई लोगों ने रजाई-कंबल निकाल लिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो जाएगी।

तीन दिन रहेगा कोहरे का कहर

रविवार को प्रदेश के कई जिलों को घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ देखा गया। कोहरे का असर विजिबिलिटी पर भी देखने को मिला। इस दौरान दृश्यता 200 से 500 मीटर दर्ज की गई। इस बीच मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, बीकानेर, चूरू और सीकर में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया है।

आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान में आने वाले 5 दिनों में तापमान में गिरावट देखी जाएगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री की कमी आएगी। कोहरा भी बढ़ेगा। गिरते हुए तापमान को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश में जल्द ही रजाई-कंबल की आवश्यकता पड़ सकती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article