Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-September-2025: राजस्थान में मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन बारिश का सिलसिला अभी भी नहीं थमा है। प्रदेश में अगले 4 दिन झमाझम बारिश होने का पूर्वानुमान है। आज भी मौसम विभाग ने 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। राजस्थान में पिछले 24 घंटों में जयपुर, सिरोही, उदयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। आइए जानते हैं कि आज कहां-कहां बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज राजस्थान में भरतपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली, टोंक, बूंदी, बारां, कोटा, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, पाली, राजसमंद, भीलवाड़ा और जालोर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कल भी प्रदेश के 18 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट है। जिनमें अजमेर, बंदी, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा, बारां, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, पाली, भीसवाड़ा, राजसमंद, बाड़मेर, जालोर और सिरोही शामिल हैं।
राजस्थान में अगले 4 दिन बारिश
आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना एक वेदर सिस्टम धीरे-धीरे ओडिशा और आंध्र प्रदेश से होते हुए महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। इसके बाद यह गुजरात से होकर अरब सागर की तरफ जाएगा। इस वेदर सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में अगले 4-5 दिन तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इस दौरान प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं दक्षिण हिस्से में कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की भी संभावना है।
राजस्थान में कहां-कहां हुई बारिश
राजस्थान में रविवार को चित्तौड़गढ़, प्रतापगड़, बांसवाड़ा, सिरोही, जयपुर और उदयपुर में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान जयपुर के शहरी और ग्रामीण दोनों हिस्सों में बारिश हुई। इसके अलावा डूंगरपुर, कोटा और अलवर समेत कई अन्य जिलों में आसमान में बादलों का डेरा रहा और कहीं-कहीं छिटपुट बारिश भी हुई।
