Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12-July-2025: राजस्थान में मानसून ने रफ्तार पकड़ी हुई है और इसके चलते राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। बारिश ने जहां मौसम को सुहावना बना दिया है, वहीं दूसरी ओर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर इसका खासा असर पड़ा है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है हालांकि खेती-किसानी के लिहाज से यह ठीक है।
पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कई स्थानों पर हल्की से लेकर भारी बारिश दर्ज की गई। चाकसू में सर्वाधिक 97 मिमी बारिश हुई है। पश्चिमी राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है, हालांकि जैसलमेर में अब तक अनुमान से कम बारिश दर्ज की गई है, यहां का तापमान भी सबसे अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग ने 12 से 15 जुलाई तक पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर 14 जुलाई को बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़ और प्रतापगढ़ जिलों में अत्यधिक बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, बारां, कोटा और झालावाड़ जिलों में 12 और 13 जुलाई को तेज बारिश हो सकती है। चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ में 13-14 जुलाई को भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी राजस्थान में भी बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि पश्चिमी राजस्थान में 12 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है। इससे लंबे समय से सूखे की स्थिति झेल रहे क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के जारी अलर्ट के चलते प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है। संभावित जलभराव, बिजली कटौती और यातायात अवरोध की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
