जयपुर

राजस्थान विश्वविद्यालय में RSS कार्यक्रम को लेकर बवाल, NSUI और स्वयंसेवक आमने-सामने

राजस्थान विश्वविद्यालय में आरएसएस के विजयादशमी कार्यक्रम से पहले एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मंच पर चढ़कर पोस्टर फाड़े और पोडियम गिराया। इसके बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और आरएसएस स्वयंसेवकों के बीच नारेबाजी व धक्का-मुक्की हुई।पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात संभाले, लेकिन लाठीचार्ज और तोड़फोड़ के आरोप भी लगे।

Image

RSS के कार्यक्रम में जोरदार हंगामा हुआ

राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में विजयादशमी उत्सव के मौके पर आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यक्रम में मंगलवार को जोरदार हंगामा हुआ। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही एनएसयूआई (NSUI) के छात्र नेता महेश चौधरी मंच पर चढ़ गए और पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान उन्होंने पोडियम भी गिरा दिया। अचानक हुई इस घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया और आरएसएस स्वयंसेवक तथा एनएसयूआई कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।

बरसात के बीच ही दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की हुई और नारेबाजी तेज हो गई। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच भी जोर आजमाइश हुई। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके वाहनों को तोड़फोड़ किया और लाठीचार्ज कर कई छात्रों को घायल कर दिया।

हंगामे से पहले एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय को राजनीतिक एजेंडे का मंच बनाया जा रहा है। उनका आरोप था कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे विचारधारा-आधारित और पक्षपातपूर्ण संगठन को विश्वविद्यालय में कार्यक्रम करने की अनुमति देना शैक्षणिक स्वतंत्रता और तटस्थता पर सीधा हमला है।

जाखड़ ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुलपति पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हैं और उसी से बचाव के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। एनएसयूआई का कहना है कि परिसर में किसी भी राजनीतिक या सांप्रदायिक एजेंडे को स्थान नहीं दिया जाना चाहिए।

उधर, आरएसएस और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कहा गया कि विजयादशमी उत्सव सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व का आयोजन है, जिसे किसी राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए।

फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है, लेकिन घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article