जयपुर

राजस्थान में मानसून ने पकड़ा जोर, बादल छाए घनघोर; बारिश ने मौसम किया सुहावना

राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से जमकर बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण जलभराव की समस्या हो रही है। तेज बारिश के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। आईएमडी के मुताबिक, आने वाले दिनों में बादल और मेहरबान होंगे।

Image

(सांकेतिक फोटो)

जयपुर : दक्षिण-पश्चिम मानसून के जोर पकड़ने से राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। बारिश के परिणामस्वरूप तापमान में गिरावट होने से लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली वहीं इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अनुसार शुक्रवार दिन में राज्य में कई जगह हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। शाम 5.30 बजे तक करौली में सबसे अधिक 78 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई। इसके अलावा वनस्थली में 63.1 मिमी, जयपुर में 23.6 मिमी, भीलवाड़ा में 21.8 मिमी और दौसा में 9.5 मिमी बारिश हुई।

राजधानी जयपुर में पूरे दिन बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ। कई व्यस्त मार्गों पर जलजमाव भी देखने को मिला। वहीं, लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है। जयपुर में शुक्रवार दिन में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बृहस्पतिवार की तुलना में 6.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

42 डिग्री पहुंचा तापमान

हालांकि, राज्य के कुछ सीमावर्ती जिलों में अब भी गर्मी का दौर जारी है और गंगानगर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा यह जैसलमेर में 41.3 डिग्री, बीकानेर में 40.8 डिग्री, फलोदी में 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 21 जून को भी राज्य के कुछ भागों में बारिश का दौर जारी रहने तथा 22-23 जून को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग में कहीं-कहीं भारी व अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है।

इस बीच, आगामी मानसून सत्र को देखते हुए सरकार ने बाढ़ और जलभराव से उत्पन्न होने वाली किसी भी आपदा से निपटने के लिए अपनी कमर कस ली है। राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) ने आज 57 विशेष 'रेस्क्यू' टीमों को आपदा राहत उपकरणों से लैस कर राज्य के 32 संभावित बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए रवाना कर दिया है।

बल के कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि यह कदम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। वहीं, टोंक जिले के बीसलपुर बांध में डूबने से एक युवक की मौत हो गई।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article