देश के कई अन्य हिस्सों की तरह राजस्थान में भी जमकर बारिश हो रही है। राजस्थान के कई जिलों पर बादल मेहरबान हैं। राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश की वजह से जन-जीवन अस्त-व्यस्त है। आज राजस्थान के कई जिलों में भारी से बहुत बारी बारिश की आशंका है, जिसमें कोटा, अजमेर, जोधपुर और उदयपुर संभाग भी शामिल हैं।
राजस्थान के 23 जिलों में आज के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें से 6 जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित है। अजमेर और पुष्कर में तो आज यानी शुक्रवार 18 जुलाई को सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। तेज बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला कलेक्टर ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।
पुष्कर में वराह घाट, नरसिंह घाट, पुराना गंजी मंदिर, माली मोहल्ला, मिश्रा का मोहल्ला, सावित्री रोड और गुरुद्वारा क्षेत्र में भा पानी भर गया।
हालात ऐसे हैं कि पुष्कर के मुख्य बाजार में कई दुकानें और घर डूब गए हैं। सड़कों पर गाड़ियां भी तैरती नजर आ रही हैं। कोटा में हो रही लगातार बारिश के चलते कोटा बैराज के गेट खोल दिए गए। उधर सीकर के नवलगढ़ रोड, लोहारू बस स्टैंड एरिया में भी बरसात का पानी भर गया। बारिश के चलते हुए हादसों में पिछले चार दिनों में राजस्थान में 21 लोगों की मौत हो चुकी है।
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि इस साल राजस्थान पर मानसून मेहरबान है। इस समय ऐसी नदियों में भी खूब पानी आ चुका है, जो साल के अन्य महीनों में या तो सूख जाती हैं या उनमें नाम मात्र का पानी रहता है। बालोतरा जिले से निकलने वाली लूणी नदी में भी इन दिनों खूब पानी है। कल यानी गुरुवार 17 जुलाई को लोगों ने ढोल-नगाड़े और थाली बजाते हुए लूणी नदी का स्वागत किया। नदी को चुनरी ओढ़ाई गई और मंगल गीत भी गे गए। लोगों ने इस अवसर पर पूजा-अर्चना की और नाच-गाकर नदी का स्वागत किया।
