Ajmer Minor Rape: राजस्थान के अजमेर में एक 11 साल की बच्ची के साथ दरिदंगी का मामला सामने आया है। बच्ची अपने परिवार के साथ रेलवे स्टेशन पर सो रही थी। तभी अज्ञात बदमाश सोती हुई बच्ची को वहां से उठा ले गए। जब परिवार को बच्ची के गायब होने के बारे में पता चला तो उन्होंने जीआरपी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस को बच्ची लहुलूहान हालत में यार्ड में खड़ी गाड़ी के डिब्बे में मिली। बच्ची को इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित बच्ची मध्य प्रदेश की रहने वाली है। वह अपने परिवार के साथ अजमेर में दरगाह जियारत के लिए आई थी। जिसके बाद परिवार के लोग अपने गांव वापस लौटने के लिए ग्वालियर एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने वाले थे। वे लोग रात में प्लेटफॉर्म पर ही सो गए। तभी देर रात सोती हुई बच्ची का अपहरण हो गया। पुलिस को बच्ची बदहवास हालत में मिली है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटें
बच्ची के मुंह, होठ, गुप्तांग और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। GRP थाना पुलिस ने बच्ची को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके शरीर पर लगे चोट के निशान को देखते हुए पुलिस और डॉक्टरों ने यौन शोषण की आशंका जताई है। बच्ची का मेडिकल कराया गया है। उसकी जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविकता का पता चल सकेगा। जीआरपी अधिकारी फिलहाल पीड़ित बच्ची के साथ दुराचार की घटना से इनकार नहीं कर रहे हैं।
