जालौर में सड़क हादसा (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
Jalore Road Accident: राजस्थान में जालौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह हादसा जिले के सांचौर में हुआ। यहां एक निजी बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि बाड़मेर से पालनपुर जा रही बस का चालक रणोदर गांव के पास राजमार्ग पर वाहन पर से अचानक नियंत्रण खो बैठा और बस ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उसने बताया कि इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर लगने के कुछ ही देर बाद बस में आग लग गई और वह सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। उसने बताया कि आग फैलने से पहले ही बस के यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है।" उसने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)