जयपुर

Jaisalmer Road Accident: मातम में बदली शादी की खुशियां, अज्ञात वाहन की टक्कर में दूल्हे समेत तीन लोगों की मौत, चार घायल

राजस्थान के जैसलमेर में एक अज्ञात वाहन ने शादी समारोह से लौट रही दूल्हा-दुल्हन की कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दूल्हे समेत 3 लोगों की मौत हो गई है और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की जांच की जा रही है।

Image

ज्ञात वाहन की टक्कर में दूल्हे समेत तीन लोगों की मौत

Jaisalmer Road Accident: राजस्थान के जैसलमेर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां बासनपीर गांव के पास सड़क दुर्घटना में शादी करके लौट रहे दूल्हे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दुल्हन समेत चार अन्य लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस की टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

अज्ञात वाहन की टक्कर में दूल्हे की मौत

पुलिस के अनुसार ये दुर्घटना बासनपीर गांव के पास मंगलवार देर रात हुई। जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने कहा कि दूल्हा-दुल्हन और अन्य लोग शादी के बाद पोकरण से वापस लौट रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने बताया कि कार को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक फरार हो गया।

मातम में बदली शादी की खुशियां

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दूल्हे लीला राम (45), उसकी बहन मूली देवी (35), हितेश (9 महीने) के रूप में हुई है और चार घायलों को जोधपुर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक लीला राम और हादसे में घायल हुई बसंती की मंगलवार को पोकरण में शादी हुई थी। उन्होंने यह भी बताया कि यह दोनों की यह दूसरी शादी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। शादी की खुशियां एक झटके में दुख में बदल गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इस हादसे के बाद हॉस्पिटल के मॉर्च्युरी के बाहर ओड समाज के लोगों ने आरोपी को पकड़ने की मांग करते हुए उसे सजा देने की मांग की है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article