Jaipur : जयपुर से दिल्ली के बीच बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। राजस्थान रोडवेज ने अपनी सुपर लग्जरी बसों के किराये में इस रूट पर कमी कर दी है। करीब चार महीने पूर्व ही रोडवेज ने इस बस के किराये में बढ़ोतरी कर दी थी, लेकिन अब वापस इस रूट का किराया कम कर दिया गया है। हालांकि ये किराया जयपुर-दिल्ली के बीच संचालित डबल डेकर ट्रेन के किराये से अभी भी 300 रुपए अधिक है।
बता दें कि, रोडवेज अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, जयपुर-दिल्ली रूट पर अभी वोल्वो बस में 900 रुपए प्रति व्यक्ति किराया निर्धारित है, जिसमें 150 रुपए की कमी करके इसे 750 रुपए कर दिया गया है। ये किराया 1 नवंबर मध्य रात्री से लागू कर दिया जाएगा। इससे पूर्व जुलाई में किराया 200 रुपए बढ़ाया गया था। तब रोडवेज प्रशासन का तर्क ये था कि, पिछले 3-4 महीने से डीजल की कीमतों में भारी इजाफा होने के बाद रोडवेज की संचालन कॉस्ट दिल्ली रूट पर ज्यादा आने लगी थी। जिसके कारण इस रूट पर चलने वाली वोल्वो बसों में प्रति किलोमीटर कॉस्ट 6 रुपए तक बढ़ा दी गई थी।
यात्रियों की जेब पर पड़ेगा कम लोड
मिली जानकारी के अनुसार, रोडवेज का किराया बढ़ने के बाद वोल्वो बसों में यात्रीभार कम होने लगा था। इस कारण रोडवेज को इस रूट पर संचालन में भारी घाटा होने लगा। इस घाटे को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने किराये में कटौती का फैसला लिया है। इसका लाभ यात्रियों को मिलेगा। यात्रियों की जेब पर जयपुर से दिल्ली का सफर करने में कम लोड पड़ेगा।
ट्रेन से अधिक है बस का किराया
बता दें कि, रेलवे की डबल डेकर ट्रेन जो रोजाना जयपुर-दिल्ली के बीच संचालित की जाती है उसमें प्रति यात्री किराया करीब 460 रुपए निर्धारित है। रोडवेज की वोल्वो बस में किराए में कमी करने के बाद भी यह डबल डेकर ट्रेन से अब भी 300 रुपए प्रति यात्री ज्यादा ही है। वही जयपुर से दिल्ली के बीच संचालित निजी सुपर लग्जरी बसों का किराया भी 500 से 600 रुपए के बीच लिया जाता है।
