Jaipur: कभी डकैतों की पहचान व आम लोगों में भय का संचार करने वाले चंबल के बीहड़ों की अब तस्वीर बदल रही है। इस इलाके में आने वाले दिनों में लग्जरी गाड़ियां बेखौफ फर्राटे भरेंगी। केंद्र सरकार करीब 9 हजार करोड़ खर्च कर यहां चंबल एक्सप्रेसवे बना रही है। जिसकी कुल लंबाई 423 किमी है और इसका सीधा फायदा राजस्थान समेत यूपी व एमपी को होगा।
चंबल एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा हिस्सा मध्य प्रदेश में 306 किमी होगा और बाकी हिस्सा यूपी में 47 और राजस्थान में 72 किमी रहेगा। इस परियोजना के लिए तीनों राज्यों में कुल 3 हजार 900 एकड़ भूमि एक्वायर की गई है। इसके बनने के बाद वाहन 120 किमी प्रतिघंटा रफ्तार से दौड़ने लगेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के मुताबिक, इस एक्सप्रेसवे के निर्माण में करीब 9 हजार करोड़ रुपए की लागत आएगी व इसका निर्माण पूरा होने के बाद तीनों राज्यों में व्यापारिक प्रगति बढ़ने की संभावना है।
