शहर

Delhi Crime: दिल्ली में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 251 लोग गिरफ्तार; 180 के खिलाफ केस दर्ज

Delhi Crime: उत्तरी दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों पर अपराधों, जुआ, नशीले पदार्थों, अवैध शराब और हथियारों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक महीने का विशेष अभियान चलाया। 1 सितंबर से 30 सितंबर तक चले इस अभियान में दिल्ली पुलिस ने 180 मुकदमे दर्ज कर 251 अपराधियों को गिरफ्तार किया।

Image

उत्तरी दिल्ली में पुलिस का बड़ा प्रहार (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Delhi Crime: राजधानी दिल्ली में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने उत्तरी दिल्ली जिले में एक व्यापक अपराध-रोधी अभियान चलाया। एक महीने तक चले इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए 180 मामले दर्ज किए और कुल 251 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पीटीआई भाषा के मुताबिक उत्तरी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष अभियान 1 सितंबर से 30 सितंबर तक चलाया गया था। इस दौरान जिले के सभी थानों और विशेष इकाइयों ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाई और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी।

झपटमारी और लूट से जुड़े 28 मामले दर्ज

पुलिस की इस कार्रवाई में स्नैचरों और लुटेरों पर करारी चोट की गई। झपटमारी और लूट से जुड़े 28 मामले दर्ज कर 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से दोपहिया वाहन, 20 मोबाइल फोन, सोने की चेन, दो पिस्तौल और चार चाकू बरामद किए गए। वहीं, नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत 23 ड्रग तस्करों को पकड़ा गया, जिनके पास से 12.6 किलो गांजा, 211 ग्राम चरस, 132 ग्राम स्मैक और नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए।

आबकारी कानून के तहत 24 लोग गिरफ्तार

अवैध शराब और जुए के कारोबार पर भी पुलिस का डंडा चला। आबकारी कानून के तहत 24 लोगों को गिरफ्तार कर अवैध शराब जब्त की गई, जबकि जुए के 13 मामलों में 69 लोगों को गिरफ्तार कर 2.32 लाख रुपये कैश बरामद किए गए। चोरी और सेंधमारी के 88 मामलों में 88 आरोपियों के साथ-साथ लंबे समय से फरार चल रहे 7 भगोड़े अपराधियों (Proclaimed Offenders) को भी दबोचा गया। पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने 32 वाहन, 75 मोबाइल फोन, 53 ई-सिगरेट और करीब 6.62 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article