Jaipur: राजधानी जयपुर के ग्रामीण इलाके से खून के रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां पर दौलत के लालच में अंधे हुए एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां को ही मार डाला। घटना जयपुर जनपद की ग्राम पंचायत द्वारिकपुरा की ढाणी चौलावा के तहत गांव तन जीणगौर की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेटे ने रुपयों के विवाद के चलते अपनी मां की कुल्हाड़ी से हमला कर बेरहमी से हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। बेरहम आरोपी बेटे ने अपनी मां पर कुल्हाड़ी से इस कदर वार किए कि, वृद्ध मां के शरीर पर कई गहरे जख्म हो गए। वहीं सिर पर गहरी चोटें आई।
वारदात की सूचना पर मौके पर आई प्रागपुरा पुलिस ने गंभीर घायल वृद्धा शीला देवी को एंबुलेंस के जरिए जयपुर भेजा। जहां अस्पताल में इलाज के दौरान शीला देवी ने दम तोड़ दिया। इधर, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने मौके से आरोपी का मोबाइल व धारदार कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त कर ली है।
रुपयों के लालच में मार डाला मां को
प्रागपुरा पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों ने मौके पर बताया कि, मृतका के पति कबूल यादव ने अपनी जमीन बेची थी। उसके रुपए अपने मंझले बेटे मुकेश को दे दिए थे। इसके बाद शीला देवी के पति की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतका शीला के तीन बेटे हैं। पति की मौत के बाद शीला देवी जमीन के रुपयों का बराबर बंटवारा कर तीनों बेटों को देना चाह रही थी। यही वजह थी कि, वह मंझले बेटे मुकेश पर रुपए लौटाने को लेकर लगातार दबाव बना रही थी। रुपयों के लालच में बेटे मुकेश ने मां को रास्ते से हटाने का इरादा बनाया। इसके बाद मौका पाकर मां की गर्दन, सिर और हाथों पर धारदार कुल्हाड़ी से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इतना शातिर है कि, उसने अपना मोबाइल मौके पर ही छोड़ दिया व फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ हत्या करने सहित कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
