Jaipur News: जयपुर में रिटायर्ड जज के यहां हुई लूट ने एक बार फिर पुलिस की कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बदमाश देसी पिस्तौल लेकर घर में घुस गए और पूरे परिवार को असलहे के दम पर बंधक बना लिया। इसके बाद कैश-ज्वेलरी और लैपटॉप लेकर फरार हो गए। वहीं, जांच में पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में बदमाश घर की रेकी करते दिख रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
बता दें कि मामला मानसरोवर इलाके में शुक्रवार शाम नौ बजे का बताया जा रहा है। एसएचओ ने बताया है कि, हथियारबंद बदमाशों ने धनवंतरी अस्पताल के पीछे रहने वाले रिटायर्ड मजिस्ट्रेट राजेश नारायण (61) और उनके बेटे को बंधक बना लिया था। अलमारी के लॉकर से कीमती गहने और कैश लूटकर फरार हो गए। मानसरोवर थाना पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से मौके से सबूत जुटा लिए हैं। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की एक टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच की।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
एसएचओ ने जानकारी देते हुए बताया कि, घर में तीन लोग रहते हैं। रात को राजेश की पत्नी पड़ोसी के घर पर कुछ काम से गई हुई थी। करीब 9 बजे राजेश और बेटा आदित्य घर में टीवी पर समाचार देख रहे थे। इसी दौरान चार बदमाश वहां आ गए। घर का गेट खुला था तो वह सीधे अंदर घुस आए। घर के अंदर घुसकर बदमाशों ने कहा कि, हम एसीबी से हैं, क्या आप फौज से रिटायर्ड हैं। मना करने के बाद चारों ने दोनों को असलहों के बल पर बंधक बना लिया।
मोबाइल समेत कई कीमती सामान ले गए
बता दें कि बदमाश अपने साथ मेडिकल टेप भी लेकर आए थे। इससे दोनों पिता-पुत्र के हाथ पीछे की तरफ करके कसकर बांध दिया। फिर गहनों और कैश के बारे में पूछने लगे। नहीं बताने पर दोनों के मुंह पर टेप लगाकर एक कमरे के अंदर बंद कर दिया। उसके बाद आधे घंटे तक चारों बदमाश घर की तलाशी लेने लगे। इसमें साढ़े 10 हजार रुपए कैश और सोने चांदी के जेवर, दो मोबाइल फोन और एक लैपटॉप लूटकर फरार हो गए।
रिटायर्ड फौजी के घर आए थे लूट करने
मिली जानकारी के अनुसार रात को करीब 9:30 बजे पत्नी वापस अपने घर पर पहुंची। उन्होंने देखा तो पति और बेटा एक कमरे में बंद थे। उनको खोलकर पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पूछताछ में बताया है कि, चारों बदमाशों में से दो के पास देसी पिस्तौल मौजूद थी। वहीं, दो ने धारदार चाकू हाथ में ले रखा था। घटना की सूचना के बाद पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। फुटेजों में रात करीब 7:30 बजे से दो-दो के ग्रुप में चारों बदमाश रेकी करते दिखाई दिए। पुलिस को आशंका है कि, बदमाश करीब में रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी के घर में लूट की वारदात करने आए थे, लेकिन घर के बाहर नेम प्लेट दिखाई नहीं देने पर रिटायर्ड जज के घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया।
