अक्टूबर का अपकमिंग वीक नई गाड़ियों के लॉन्च के साथ काफी बिजी रहने वाला है। 12 अक्टूबर से 17 अक्टूबर के बीच अलग-अलग सेगमेंट की 6 नई कारें पेश होने की उम्मीद है। इनमें लग्जरी इलेक्ट्रिक कारों से लेकर प्रीमियम हैचबैक, कॉम्पैक्ट एसयूवी और हाइब्रिड एसयूवी तक शामिल हैं। Hyundai, Toyota, Volvo, Audi और Renault जैसे ब्रांड अपने नए मॉडल या अपडेटेड कारों के साथ बाजार में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। आइए जल्दी से इन अपकमिंग मॉडल की डिटेल्स पर एक नजर डाल लें-
Toyota Glanza Facelift
Toyota की अपडेटेड ग्लैंजा को 14 अक्टूबर को लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। यह प्रीमियम हैचबैक Maruti Suzuki Baleno पर आधारित है। फेसलिफ्ट मॉडल में एक्सटीरियर डिजाइन और फीचर्स से जुड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन जारी रहने की संभावना है, जो करीब 82.9hp की पावर और 112.4Nm का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड मैनुअल और AMT विकल्प मिल सकते हैं। इसका CNG वर्जन भी जारी रह सकता है।
Renault Duster Hybrid
Renault Duster की भारत में वापसी 17 अक्टूबर को हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ होने की उम्मीद है। इसमें 1.8-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर मिल सकती हैं। इसका कंबाइन्ड आउटपुट करीब 160hp पावर और 172Nm टॉर्क हो सकता है। इसमें 1.4kWh बैटरी और 8-स्पीड मल्टी-मोड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलने की संभावना है। हाइब्रिड सिस्टम शहर में ड्राइविंग के दौरान कुछ दूरी तक इलेक्ट्रिक मोड में चलने की सुविधा दे सकता है।
Volvo EX90
Volvo की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक एसयूवी EX90 को 12 अक्टूबर को भारत में लॉन्च किया जा सकता है। इसमें तीन रो वाली सीटिंग, 106kWh बैटरी और दो इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की उम्मीद है। यह करीब 456hp पावर और 670Nm टॉर्क दे सकती है। इसकी दावा की गई रेंज 625 किलोमीटर तक हो सकती है। केबिन में 14.5-इंच टचस्क्रीन, 9-इंच ड्राइवर डिस्प्ले मिलने की संभावना है।
Hyundai Bayon
Hyundai Bayon का ग्लोबल डेब्यू 12 अक्टूबर को यूरोप में निर्धारित है, जबकि भारत में लॉन्च की तारीख आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुई है। भारतीय मॉडल में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है, जो लगभग 115hp पावर और 144Nm टॉर्क दे सकता है। इसमें मैनुअल और IVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिल सकते हैं।
New Audi Q3
न्यू जेनरेशन Audi Q3 भारत में16 अक्टूबर को लॉन्च होगी। इसमें नया एक्सटीरियर डिजाइन और पहले से लगभग 40mm ज्यादा लंबाई मिलेगी। भारतीय मॉडल में 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, 204hp पावर और 320Nm टॉर्क मिलने की उम्मीद है। इसके साथ 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और Quattro ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया जा सकता है।
Volvo ES90
Volvo ES90 इलेक्ट्रिक सेडान को भी 12 अक्टूबर के आसपास भारत में पेश किए जाने की संभावना है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह 92kWh और 106kWh बैटरी विकल्पों के साथ उपलब्ध है। इसके अलग-अलग वेरिएंट 333hp से 680hp तक की पावर देते हैं। इसमें 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर और 350kW तक DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है।
