जयपुर

SIR प्रक्रिया का बोझ बना जानलेवा, जयपुर के टीचर ने की आत्महत्या; सुसाइड नोट में खुला सिस्टम का सच

राजस्थान के जयपुर में एक सरकारी शिक्षक ने लगातार बढ़ते दफ्तर के दबाव से तंग आकर दुखद रूप से अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि मतदाता सूची की SIR प्रक्रिया के दौरान उन पर काम का अत्यधिक बोझ और निलंबन की धमकियों का तनाव था। घटना के बाद मिले सुसाइड नोट ने प्रशासनिक दबाव की गंभीरता को उजागर कर दिया है।

Image

वर्क प्रेशर के चलते सरकारी शिक्षक ने की आत्महत्या (प्रतीकात्मक फोटो: iStock)

Photo : iStock

Jaipur News: राजस्थान के जयपुर में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने कथित रूप से लगातार मिल रहे दफ्तर के दबाव से तंग आकर जान दे दी। जानकारी के मुताबिक, वह शिक्षक मतदाता सूची की SIR प्रक्रिया के दौरान बीएलओ की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बताया जा रहा है कि सुपरवाइजर की ओर से काम पूरा करने के लिए बार-बार दबाव बनाया जा रहा था और निलंबन की धमकी भी दी जा रही थी। इसी तनाव के बीच शिक्षक मुकेश जांगिड ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी जेब से एक नोट भी मिला है, जिसे सबूत के रूप में जब्त कर लिया गया है।

पुलिस घटना की जांच कर रही है, लेकिन मृतक के ताऊ भंवरलाल का कहना है कि अभी तक किसी भी तरह की FIR दर्ज नहीं की गई है। उनके अनुसार, 45 वर्षीय मुकेश जांगिड़ राजकीय प्राथमिक विद्यालय नाहरी का बास में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और साथ ही मतदाता सूची की SIR प्रक्रिया के तहत बीएलओ की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे। बताया गया कि मुकेश रविवार तड़के करीब 4:30 बजे अपने काम के सिलसिले में मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। कुछ देर बाद बिंदायका फाटक के पास उन्होंने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक के भाई गजानंद ने बताया कि मुकेश पिछले कई दिनों से बेहद तनाव में था और मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

जेब से मिला सुसाइड नोट

परिवार के अनुसार, घटना से एक रात पहले भी मुकेश जांगिड़ का एक साथी उनके घर आकर फॉर्म भरने में मदद कर गया था। अगले दिन सुबह वे हमेशा की तरह घर से काम पर निकले, लेकिन उसके तुरंत बाद यह दुखद घटना सामने आ गई। पुलिस को उनकी जेब से एक नोट मिला है, जिसमें उन्होंने लिखा था कि SIR योजना से जुड़े काम की वजह से वे भारी दबाव में थे। नोट में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सुपरवाइजर सीताराम लगातार उन पर काम पूरा करने के लिए जोर डाल रहा था और निलंबन की धमकी दे रहा था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने न तो वह सुसाइड नोट उन्हें दिखाया और न ही उसकी तस्वीर लेने दी। मृतक के बेटे देवांशु ने भी बताया कि उनके पिता कई दिनों से तनाव में थे और रात देर तक SIR से जुड़े काम और सुपरवाइजर के दबाव के कारण मानसिक रूप से बेहद परेशान रहते थे।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावत author

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राज... और देखें

End of Article