शहर

दिल्ली MCD में और मजबूत हुई BJP, IVP के 16 पार्षदों ने ज्वाइन की बीजेपी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पार्टी में शामिल हुए पार्षदों का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के विकास को प्राथमिकता देते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक संकेत है, जिससे संबंधित वार्डों में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Image

इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 16 पार्षदों ने ज्वाइन की BJP

दिल्ली : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। यहां आम आदमी पार्टी (AAP) से अलग होकर बनी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (IVP) के 16 पार्षद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। बीजेपी ने इसे राजधानी के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पार्टी में शामिल हुए पार्षदों का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के विकास को प्राथमिकता देते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक संकेत है, जिससे संबंधित वार्डों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन पार्षदों के भाजपा में आने से नगर निगम में पार्टी और मजबूत होगी। साथ ही नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।

रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली की प्रगति और जनसेवा के संकल्प को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित दिल्ली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी जनप्रतिनिधि एक टीम के रूप में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्षदों का यह निर्णय राजधानी में विकास कार्यों को नई रफ्तार देगा।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का गठन करीब डेढ़ वर्ष पहले मुकेश गोयल और हेमचंद गोयल के नेतृत्व में किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाले एमसीडी प्रशासन और महापौर के कार्यकाल में विकास कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हुए, जिसके चलते पार्षदों ने अलग राह चुनी थी।

उन्होंने बताया कि भाजपा में शामिल होने के साथ ही सभी 16 पार्षदों ने पार्टी की औपचारिक सदस्यता भी ग्रहण कर ली। भाजपा का कहना है कि इन पार्षदों के शामिल होने से दिल्ली नगर निगम में संगठन और मजबूत होगा तथा राजधानी में विकास और जनसेवा से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी।

वहीं, इस घटनाक्रम को दिल्ली नगर निगम की राजनीति में आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। भाजपा का दावा है कि इससे एमसीडी में उसकी स्थिति और मजबूत होगी, जबकि AAP की ओर से इस घटनाक्रम पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!