Jaipur Gang War: राजधानी जयपुर में एक बार फिर से गैंगवार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आपसी रंजिश के चलते हुई गैंगवार में राजधानी के प्रतापनगर इलाके में एक बदमाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलियों की तड़तड़ाहट की अचानक हुई आवाज के चलते इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के मुताबिक, प्रताप नगर थाना इलाके में एक लग्जरी कार में सवार होकर आए करीब आधा दर्जन बदमाशों ने महेंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई।
मृतक पर हमला उस समय हुआ जब वह अपने दोस्तों के साथ एक चाय की दुकान पर बैठा हुआ था। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रथम दृष्ट्या पुलिस इसे आपसी रंजिश मान रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की विनीत मेडी नाम के बदमाश से रंजिश चल रही थी। घटना के बाद पुलिस ने नाकाबंदी करवाई। आरोपियों की तलाश को लेकर पुलिस उनके संभावित ठिकानों में छापे मार रही है।
