जयपुर

Jodhpur: 17 दिन के मासूम की रहस्यमयी मौत से सनसनी; 4 मौसियों पर गला दबाकर जान लेने का आरोप, जांच जारी

जोधपुर में 17 दिन के एक नवजात की संदिग्ध मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। आरोप है कि बच्चे की हत्या उसकी ही चार मौसियों ने मिलकर की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अंधविश्वास और पारिवारिक रंजिश जैसी आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कई एंगल से आगे बढ़ाई जा रही है।

Jodhpur Infant Death Case: जोधपुर से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां सिर्फ 17 दिन के एक नवजात की बेहद दर्दनाक तरीके से हत्या किए जाने का आरोप लगा है। बच्चे की चार मौसियों पर शक जताया गया है, जिनसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पिता का कहना है कि उनके मासूम बेटे के हाथ-पांव तोड़े गए, बाल नोंचे गए और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली गई। पुलिस इस वारदात की जांच जादू-टोने जैसी संभावनाओं को ध्यान में रखकर भी कर रही है। यह घटना नेहरू नगर कॉलोनी की बताई जा रही है।

रातानाडा थाने के एसएचओ रामकृष्ण के अनुसार, जोधपुर जिले के सांसियों की ढाणी, गुजरावास में रहने वाली सुमन लगभग डेढ़ माह पहले प्रसव के लिए अपने मायके आई थी। उसके पति पूनाराम ने बताया कि 17 दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था। आरोप है कि शुक्रवार रात, जब सुमन बाथरूम में थी, तब उसकी चार बहनों ने नवजात प्रत्युक्ष की हत्या कर दी। बच्चे के पिता का कहना है कि उनके ससुराल पक्ष में अंधविश्वास की गहरी पकड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नवजात के बाल खींचे गए, उस पर जोर-जोर से पैर रखकर हमला किया गया, जिससे उसकी सांसें बंद हो गईं।

मौसियों को अपनी बहन से थी जलन?

पूनाराम का दावा है कि उसकी चारों सालियों ने मिलकर मासूम की जान ली। पिता के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे उनकी पत्नी ने फोन कर बेटे की मौत की जानकारी दी। उसने बताया कि उसकी बहनों ने मिलकर बच्चे को मार दिया। शुरुआत में पिता को लगा कि शायद किसी झगड़े में बच्चा गिर गया होगा, लेकिन बाद में पता चला कि नवजात का मुंह दबाया गया और उसके हाथ-पैर तक तोड़ दिए गए। पिता का कहना है कि आरोपी मौसियों को अपनी बहन से जलन थी, क्योंकि उसकी शादी हो चुकी थी और उसके दो बच्चे भी थे, जबकि वे चारों अभी अविवाहित हैं।

जादू-टोने से जुड़े एंगल से भी मामले की जांच

मिली जानकारी के अनुसार, सुमन के पिता दिल्ली में एयरफोर्स में नौकरी करते हैं। उनके परिवार में सात बेटियां और एक बेटा है, और जिस शिशु की हत्या हुई, वह उनकी दूसरी बेटी का बच्चा था। पड़ोसियों के अनुसार, इस परिवार में विवाद होना आम बात है। यह भी बताया गया कि घर के मालिक हरिराम जब भी दिल्ली से लौटते हैं, तो उनके पहुंचने पर मां और बेटियों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते हैं। एसएचओ रामकृष्ण ने बताया कि बच्चे के पिता को अपनी चार सालियों पर गहरा संदेह है। इसी आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने चारों आरोपी मौसियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, जादू-टोने से जुड़े किसी एंगल की भी पुलिस जांच कर रही है।

लेटेस्ट न्यूज

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi Author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article