Holi Festival 2023: राजस्थान की प्रसिद्ध तीर्थ नगरी पुष्कर में इन दिनों होली के त्योहार की खुमारी देश- विदेश के लोगों के सर चढकर बोल रही है। वजह है यहां पर चल रहा 4 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय होली महोत्सव। महोत्सव की हर तरफ धूम मची है, खास कर सात संमदर पार से आए सैलानी इसका भरपूर मजा ले रहे हैं। महोत्सव में कैमल शो ने सभी को अचंभित कर दिया।
जिसमें ऊंटों की हर तरह की प्रतियोगिताओं में रेगिस्तान के जहाज ने अपना दमखम दिखाया। खास बात ये रही कि, अजमेर रेंज के एसपी चूनाराम व आईजी रूपेंद्र सिंह ने कैमल डांस का लुत्फ उठाया। आयोजन के तहत ऊंटों को सजाने की प्रतियोगिता हुई। जिसमें 10 ऊंट शामिल हुए। ऊंटों के आगे शहनाई व नगाड़े लगे हुए थे। वहीं कच्ची घोड़ी, कालबेलिया डांस और ढोल पार्टी जैसे रोचक आयोजन भी हुए। इसके अलावा ऊंटों की नृत्य प्रतियोगिता हुई। वहीं ढोला मारू प्रतियोगिता में भी कई प्रतिभागी शामिल हुए।
